ब्लॉग खोजें

पति से विवाद के बाद घर में अकेली थी महिला, दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर दी जान

हटिया के विकास नगर में 28 वर्षीय मीनू कुमारी की मौत, भाई ने पति-पत्नी के विवाद को बताया आत्महत्या की वजह होने की आशंका


रांची।
हटिया के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर रोड नंबर-2 स्थित दिव्या एन्क्लेव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 28 वर्षीय महिला मीनू कुमारी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो हुआ शक

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह परिवार के लोग मीनू के घर पहुंचे थे। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर जब लोग कमरे के अंदर पहुंचे तो मीनू फांसी के फंदे से लटकी मिली। तत्काल इसकी सूचना जगन्नाथपुर थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद

मृतका के भाई सुबोध कांत ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया है कि मीनू के पति गौरव कुमार ठेकेदारी का काम करते हैं। करीब दो दिन पहले किसी बात को लेकर मीनू और गौरव के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद गौरव बच्चों को लेकर पटना चले गए थे। इसके बाद पिछले दो दिनों से मीनू घर में अकेली रह रही थी।

भाई ने आशंका जताई है कि पति के साथ हुए विवाद और उसके बाद अकेले रहने के कारण मीनू मानसिक रूप से परेशान थी और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

लिखित आवेदन पर मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

मृतका के माता-पिता और भाई सिंह मोड़ इलाके में रहते हैं। बताया गया है कि मृतका का भाई सुबोध कांत हाई कोर्ट में कार्यरत है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने भाई के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद सहित घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले मीनू की किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और उसके परिवारिक जीवन में किसी अन्य तरह का तनाव तो नहीं चल रहा था।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

पति से विवाद के बाद घर में अकेली थी महिला, दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर दी जान पति से विवाद के बाद घर में अकेली थी महिला, दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर दी जान Reviewed by PSA Live News on 11:08:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.