ब्लॉग खोजें

चमोली सुरंग हादसा: झारखंड के एक श्रमिक की मौत, एक लापता; पांच घायल

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राहत, बचाव और पुनर्वास कार्य तेज — प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा


रांची/चमोली।
उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर-पीपलकोटी क्षेत्र में स्थित विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में गुरुवार शाम अचानक पानी और मलबा भरने तथा सुरंग के धंसने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना के समय सुरंग के भीतर कुल 29 श्रमिक काम कर रहे थे। हादसे के बाद 19 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि सात श्रमिकों की मौत होने की सूचना है। तीन श्रमिक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

इस हादसे में झारखंड के कुल सात श्रमिक प्रभावित हुए हैं। इनमें एक श्रमिक की मृत्यु हो गई है, पांच घायल हैं, जबकि एक अन्य श्रमिक के सुरंग में फंसे होने की सूचना है। झारखंड सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए राहत एवं समन्वय कार्य तेज कर दिया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सक्रिय हुआ राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष

हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रम आयुक्त कार्यालय द्वारा संचालित राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को तत्काल कार्रवाई करने तथा उत्तराखंड प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों के साथ प्रभावी अंतर-राज्यीय समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रभावित श्रमिकों की स्थिति की लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही श्रमिकों के परिजनों एवं परिचितों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति और रेस्क्यू से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

झारखंड के एक श्रमिक की मौत

हादसे में पूर्वी सिंहभूम जिले के डूगरिया प्रखंड अंतर्गत पलसबनी गांव निवासी श्विजय हांसदा की मृत्यु हो गई है। राज्य सरकार की ओर से उनके पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक पैतृक गांव पहुंचाने की प्रक्रिया में कंपनी प्रशासन और मृतक के परिजनों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

बताया गया है कि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से पार्थिव शरीर को पैतृक गांव के लिए रवाना किया जा रहा है। कंपनी की ओर से मृतक श्रमिक के परिवार को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल आवश्यक आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।

पांच श्रमिक घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

दुर्घटना में झारखंड के पांच श्रमिक घायल हुए हैं। इनमें खूंटी जिले के तपकरा निवासी हाबिल गुड़िया, तोरपा निवासी निथिर भिंगरा तथा सुरुने निवासी दीना बेगरा शामिल हैं। इन तीनों को हल्की चोटें आई हैं।

इसके अलावा गुमला जिले के कटकाही निवासी विनोद रावना के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि पूर्वी सिंहभूम जिले के डूगरिया निवासी खेला राम बिसरा गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।

सभी घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार घायलों के उपचार की स्थिति पर भी लगातार नजर बनाए हुए है।

एक झारखंडी श्रमिक के सुरंग में फंसे होने की सूचना

रेस्क्यू अभियान के दौरान सुरंग में फंसे तीन लापता श्रमिकों को बाहर निकालने का प्रयास लगातार जारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन तीन श्रमिकों में एक श्रमिक के झारखंड का निवासी होने की पुष्टि हुई है। हालांकि उसकी सटीक पहचान एवं वर्तमान स्थिति की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।

राज्य सरकार उत्तराखंड प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और बचाव दल के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि फंसे हुए श्रमिक की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।

मुआवजा और अन्य वैधानिक लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू

झारखंड सरकार की ओर से मृतक श्रमिक के पार्थिव शरीर को राज्य में लाने के साथ-साथ उनके परिवार को नियमानुसार मुआवजा, बीमा राशि एवं अन्य वैधानिक सरकारी लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सरकार की प्राथमिकता प्रभावित श्रमिकों का समुचित उपचार, लापता श्रमिक का सुरक्षित रेस्क्यू और मृतक श्रमिक के परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के माध्यम से उत्तराखंड प्रशासन से प्राप्त सूचनाओं को संकलित कर प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है।

झारखंड सरकार ने भरोसा दिलाया है कि हादसे में प्रभावित राज्य के सभी श्रमिकों और उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

चमोली सुरंग हादसा: झारखंड के एक श्रमिक की मौत, एक लापता; पांच घायल चमोली सुरंग हादसा: झारखंड के एक श्रमिक की मौत, एक लापता; पांच घायल Reviewed by PSA Live News on 11:47:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.