ब्लॉग खोजें

हरियाली अमावस्या पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब



रांची। 
हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर संत शिरोमणि सदानंद महाराज जी के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में विशेष पूजा-अनुष्ठान एवं भक्ति कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी के दिव्य दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी का नयनाभिराम, अलौकिक एवं भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान को केसरिया खीर, फल एवं खिचड़ी प्रसाद का भोग अर्पित किया। इसके उपरांत सामूहिक आरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लेकर सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार के मंगल की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का श्रद्धापूर्वक वितरण किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी की महिमा पर आधारित सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने हरियाली अमावस्या के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, पर्यावरण एवं सनातन परंपरा के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। हरियाली अमावस्या वर्षा ऋतु में प्रकृति के नवजीवन और हरियाली का संदेश देती है तथा भारतीय संस्कृति में इसका विशेष धार्मिक महत्व है।आयोजन में ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्यगण, सेवाभावी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। आयोजन का समापन सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उक्त जानकारी ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

हरियाली अमावस्या पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब हरियाली अमावस्या पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब Reviewed by PSA Live News on 3:19:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.