संवाददाता- सुजीत कुमार मिश्र
मधुबनी । संदीप विश्वविद्यालय, सिजौल, मधुबनी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित बीटेक विद्यार्थियों के लिए प्रथम वर्ष अभियांत्रिकी विभाग तथा अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 6 अगस्त को ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिविल, इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा, तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक जीवन की नई चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार द्विवेदी मुख्य संरक्षक के रूप में उपस्थित रहे। आईआईटी पटना के धातुकर्म एवं पदार्थ अभियांत्रिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. नितीश राजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं कुलसचिव डॉ. नौशेरवान रौनक, डीन एकेडमिक्स डॉ. अजय कुमार, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. अमरेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. शैलेन्द्र झा, छात्र कल्याण निदेशक डॉ. अभिषेक ठाकुर, विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष श्रीमती पूजा झा तथा अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी विभाग के कार्यवाहक विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष चौहान सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि अभियांत्रिकी शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में योगदान देने का अवसर है। विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ अनुशासन, समयबद्धता, ईमानदारी, नैतिक मूल्यों, रचनात्मक सोच और व्यावसायिक कौशल को अपने व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. नितीश राजा ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ निरंतर सीखने, प्रयोग करने और शोधपरक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में तकनीकी क्षेत्र तेजी से बदल रहा है, इसलिए विद्यार्थियों को पारंपरिक ज्ञान के साथ नई तकनीकों, अनुसंधान और नवाचार से निरंतर जुड़ना होगा। वहीं विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, प्रयोगशालाओं, अनुसंधान एवं नवाचार सुविधाओं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा छात्र सहायता प्रणालियों की जानकारी दी। डॉ. संतोष चौहान ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभागीय गतिविधियों और उपलब्ध अवसरों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की अकादमिक संस्कृति को समझते हुए नियमित अध्ययन एवं सक्रिय सहभागिता के माध्यम से अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न गतिविधियों में रुचि दिखाई। संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक सुविधाओं, परीक्षा व्यवस्था, छात्र कल्याण एवं भविष्य में उपलब्ध शैक्षणिक और करियर अवसरों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने अपने प्रश्न भी रखे, जिनका संबंधित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष श्रीमती पूजा झा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हुए उनके अभियांत्रिकी शिक्षा के सफर की सकारात्मक एवं प्रेरणादायक शुरुआत की । इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं एवं भविष्य की संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं सीखने की जिज्ञासा का संचार किया तथा उनके अभियांत्रिकी शिक्षा के सफर की एक सकारात्मक और प्रेरणादायक शुरुआत सुनिश्चित की। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मंच संचालक ने कार्यक्रमाध्यक्ष के आदेश से कार्यक्रम को समाप्त करने की घोषणा की।
Reviewed by PSA Live News
on
9:47:00 pm
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: