12 सितंबर को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना, मांग पूरी नहीं होने पर परिचालन बंद करने की चेतावनी
लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) की कार्यशैली के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है। बक्सीडीपा कार्यालय के समीप आयोजित एसोसिएशन की आम बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 21 सितंबर से करीब 1,500 बॉक्साइट ट्रकों का परिचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह ने की।
एसोसिएशन का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से बॉक्साइट ट्रकों को दूरी और परिवहन समय के आधार पर पकड़ा जा रहा है तथा कई मामलों में ढाई से तीन लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि ऊपर पाट-कुजाम से हेसल तक वास्तविक दूरी करीब 115 किलोमीटर है, जबकि इसे लगभग 64 किलोमीटर मानकर ट्रकों को तीन-चार घंटे के भीतर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है।
ट्रक मालिकों के अनुसार, रास्ते में फॉरेस्ट चेक नाकों पर वाहनों की जांच व एंट्री, बाजार, स्कूल, सड़क जाम, नो-एंट्री, वीआईपी मूवमेंट, धरना-प्रदर्शन, जुलूस, मेले-त्योहार, वाहन खराब होने तथा चालक के भोजन आदि के कारण निर्धारित समय में दूरी तय करना हमेशा संभव नहीं होता। एसोसिएशन ने गुरूदरी, अमतीपानी, कुजाम, चिरोडीह, भैंसबथान और सेरंगदाग सहित विभिन्न माइंस की दूरी को लेकर भी आपत्ति जताई है।
एसोसिएशन का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में लोहरदगा उपायुक्त एवं जिला खनन पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर दूरी का पुनर्मूल्यांकन करने तथा ट्रकों पर कार्रवाई रोकने की मांग की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। एसोसिएशन के मुताबिक, दो ट्रक अभी भी जब्त हैं।
12 सितंबर को धरना, फिर आंदोलन तेज करने की तैयारी
एसोसिएशन ने घोषणा की है कि 12 सितंबर को लोहरदगा उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी जब्त ट्रकों को नहीं छोड़ा गया और दूरी के मुद्दे पर कार्रवाई जारी रही तो 21 सितंबर से बॉक्साइट ट्रकों का परिचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद किया जाएगा।
एसोसिएशन ने हिंडाल्को कंपनी से भी हस्तक्षेप करने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार कंपनी को दो दिनों के भीतर ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान में सहयोग करने की मांग की जाएगी। साथ ही 12 से 21 सितंबर के बीच गुमला जिला प्रशासन से भी मुलाकात कर लिखित रूप से समस्या से अवगत कराया जाएगा।
एसोसिएशन ने आंदोलन के दौरान मशाल जुलूस, नुक्कड़ सभा और धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की भी घोषणा की है।
बैठक में अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, रहमान अंसारी, रोहित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, सह कोषाध्यक्ष इरफान दानिश, उपाध्यक्ष शशिकांत लाल दास, हरिचरण प्रसाद साहू, जतरू मुंडा, तारकेश्वर महतो, जसबीर एक्का, मुंतज़िर आलम, इम्तेयाज उर्फ बबलू, मुमताज आलम, अजमल कुरैशी, इरशाद, मनीष सिंह, शंकर प्रजापति, रफीक अंसारी, महेंद्र प्रसाद साहू, बबलू खान, सह सचिव सुमित विश्वकर्मा, मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में ट्रक मालिक एवं एसोसिएशन के सदस्य मौजूद थे।
Reviewed by PSA Live News
on
9:56:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: