स्थानीय कलाकारों एवं शिल्पकारों से पेंटिंग्स लेने को प्राथमिकता, हर कलाकृति के साथ अंग्रेजी में देना होगा संक्षिप्त विवरण
मधुबनी, 09 सितंबर 2026।
मिथिला की सदियों पुरानी कला परंपरा मधुबनी चित्रकला को राष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण पहचान मिलने जा रही है। भारत निर्वाचन आयोग ने आधिकारिक प्रयोजन के लिए मधुबनी चित्रकला संस्थान, मधुबनी से 50 मधुबनी पेंटिंग्स उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। आयोग की इस पहल से जिले के स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
भारत निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल अधिकारी की ओर से भेजे गए पत्र में मधुबनी की पारंपरिक कला, संस्कृति और समृद्ध विरासत को प्रतिबिंबित करने वाली पेंटिंग्स उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। आयोग ने स्पष्ट रूप से ऐसी कलाकृतियों को प्राथमिकता देने की बात कही है, जिनमें मिथिला की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक चित्रांकन शैली स्पष्ट रूप से दिखाई दे।
स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता
आयोग ने पेंटिंग्स की खरीद/प्राप्ति के लिए मधुबनी कला के संरक्षण, संवर्धन और सृजन से जुड़े स्थानीय कलाकारों एवं शिल्पकारों को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है। इससे न केवल स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी, बल्कि मधुबनी चित्रकला से जुड़े कलाकारों की आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
हर पेंटिंग के साथ देना होगा विवरण
निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक पेंटिंग के साथ उसकी विषय-वस्तु, कलात्मक विशेषताओं और उसके सांस्कृतिक महत्व का संक्षिप्त विवरण अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध कराना होगा। पेंटिंग्स की आपूर्ति संबंधित बिल/इनवॉइस और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।
मिथिला की कला को राष्ट्रीय पहचान की नई उड़ान
भारत निर्वाचन आयोग जैसे राष्ट्रीय संस्थान द्वारा मधुबनी चित्रकला को आधिकारिक प्रयोजन के लिए चुना जाना मिथिला की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे मधुबनी की पारंपरिक कला को देशव्यापी पहचान मिलने के साथ-साथ नई पीढ़ी के कलाकारों को भी इस विरासत से जुड़ने और इसे आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी।
मधुबनी चित्रकला केवल एक कला शैली नहीं, बल्कि मिथिला की संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन की जीवंत अभिव्यक्ति है। राष्ट्रीय स्तर पर इसकी बढ़ती स्वीकार्यता निश्चित रूप से स्थानीय कलाकारों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकती है।
Reviewed by PSA Live News
on
11:38:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: