जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
रांची। श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति, मोरहाबादी, रांची की ओर से मोरहाबादी मैदान में श्री कृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ी और पूरा मैदान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन और उनके उपदेश मानवता को सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है पर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि यह हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश भी देती है। समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना आज के समय की बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वे लगातार ऐसे आयोजनों में जनता के साथ जुड़ते रहे हैं। मोरहाबादी मैदान में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या और प्रतिभागियों का उत्साह इस आयोजन को और भी खास बना रहा है। मुख्यमंत्री ने आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
दही हांडी प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्री कृष्ण जन्मोत्सव में शामिल प्रतिभागियों को सम्मानित किया तथा दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा और आशीर्वाद से झारखंड में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा राज्य विकास और उन्नति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
आयोजन में झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सुरेश कुमार बैठा, झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर तथा श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति के संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में भाग लिया। आयोजन स्थल पर धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक रंग का विशेष माहौल देखने को मिला।
Reviewed by PSA Live News
on
9:01:00 am
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: