हजारीबाग। कटकमदाग थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुष्कर्म और उसके बाद बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मारपीट के दौरान उसका पैर टूट गया। पीड़िता का इलाज हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता कटकमदाग क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करती थी। उसके पड़ोस में बिहार के कुछ युवक भी किराए पर रहते थे। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसके परिचित युवकों में से एक युवक जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला का आरोप है कि घटना के बाद कुछ अन्य लोग भी उसके घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने काफी देर तक उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका पैर टूट गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर कटकमदाग थाना में मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Reviewed by PSA Live News
on
8:23:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: