ब्लॉग खोजें

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल पर संसद भवन पहुंचीं रांची की 118 छात्राएं, लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से जाना

 


नई दिल्ली:
रांची की बेटियों ने देश के लोकतंत्र के सर्वोच्च मंदिर भारतीय संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण कर भारत की समृद्ध संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक विरासत और विधायी कार्यप्रणाली को करीब से समझा। रांची स्थित सेंट एन्स इंटरमीडिएट कॉलेज (St. Anne's Intermediate College) की 118 छात्राओं, 17 शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों के इस प्रतिनिधिमंडल को यह स्वर्णिम अवसर रांची के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ की विशेष पहल पर प्राप्त हुआ।

सांसद सह रक्षा राज्य मंत्री की पहल से साकार हुआ सपना

कॉलेज प्रबंधन ने छात्राओं के लिए संसद भवन देखने की इच्छा व्यक्त करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ से आग्रह किया था। श्री सेठ के व्यक्तिगत प्रयासों और विशेष व्यवस्था के कारण ही इन छात्राओं को देश की संसद में प्रवेश और उसकी कार्यप्रणाली को समझने का मौका मिला। नई दिल्ली पहुंचने पर श्री सेठ के सहयोगियों ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया और उन्हें संसद परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया।

दस दिवसीय शैक्षणिक यात्रा का हिस्सा

यह शैक्षणिक भ्रमण सेंट एन्स कॉलेज की 10 दिवसीय कुल्लू-मनाली और दिल्ली यात्रा का एक प्रमुख हिस्सा है। संसद भवन भ्रमण के दौरान छात्राओं ने लोकसभा, राज्यसभा और ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष (Central Hall) सहित संसद परिसर के कई महत्वपूर्ण हिस्सों को देखा। इस दौरान उन्होंने जाना कि देश में कानून कैसे बनते हैं, जनहित के मुद्दों पर बहस कैसे होती है और भारत के लोकतंत्र में संसद की क्या भूमिका है।

इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या सिस्टर मेरी टोप्पो, रांची प्रोविंस की प्रोविंशियल सिस्टर सुजाता कुजूर और उनकी पूरी टीम संसद भवन परिसर में मौजूद रही।

"बेटियों का लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ना विकसित भारत का आधार" – संजय सेठ

छात्राओं के इस भ्रमण पर खुशी व्यक्त करते हुए रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद श्री संजय सेठ ने कहा कि संसद का यह शैक्षणिक दौरा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक ढांचे और समृद्ध विधायी इतिहास को महसूस करने का एक अनुपम अवसर है।

उन्होंने आगे कहा, "हमारी बेटियां ही देश का भविष्य हैं। जब युवा पीढ़ी और विशेषकर बेटियां देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक होती हैं, तो इससे पूरे समाज को नई दिशा मिलती है। मुझे विश्वास है कि ज्ञान, शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ ये छात्राएं आगे बढ़ेंगी और 'विकसित भारत' के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देंगी।"

छात्राओं और कॉलेज प्रशासन ने इस अविस्मरणीय अनुभव और मार्गदर्शन के लिए केंद्रीय मंत्री श्री संजय सेठ के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल पर संसद भवन पहुंचीं रांची की 118 छात्राएं, लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से जाना रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल पर संसद भवन पहुंचीं रांची की 118 छात्राएं, लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से जाना Reviewed by PSA Live News on 8:34:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.