रांची। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि भारतीय सनातन धर्म में भगवान श्री चित्रगुप्त जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक आस्था के साथ मनाई जाती है। भगवान चित्रगुप्त जी को धर्मराज भगवान यमराज का प्रमुख सहयोगी तथा समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इसी दिन भाई दूज भी मनाई जाती है। इस वर्ष चित्रगुप्त पूजा 11 नवंबर को मनाई गई,धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान ब्रह्मा जी ने सृष्टि की व्यवस्था और जीवों के कर्मों का हिसाब रखने के लिए अपने शरीर से भगवान चित्रगुप्त जी को प्रकट किया था। कहा जाता है कि वे ब्रह्मा जी की काया से उत्पन्न हुए, इसलिए कायस्थ समाज उन्हें अपना आराध्य देव मानता है। उनके हाथों में लेखनी और दवात विराजमान रहती है, जो ज्ञान, बुद्धि, लेखन और न्याय के प्रतीक है। भगवान चित्रगुप्त जी प्रत्येक मनुष्य के अच्छे-बुरे कर्मों का सूक्ष्म लेखा रखते हैं। धार्मिक विश्वास है कि मृत्यु के पश्चात जीवात्मा के कर्मों का विवरण धर्मराज के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है और उसी के आधार पर उसके कर्मों का फल निर्धारित होता है। इस दिन श्रद्धालु भगवान चित्रगुप्त जी की प्रतिमा अथवा चित्र के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं। कलम, दवात, बही-खाता एवं पुस्तकों की पूजा की जाती है। लोग अपने व्यवसाय और कार्यों में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा एवं सदाचार बनाए रखने का संकल्प लेते हैं। भगवान चित्रगुप्त जी की जयंती हमें सिखाती है कि मनुष्य को सदैव सत्य, न्याय, परोपकार और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। प्रत्येक कर्म का परिणाम अवश्य मिलता है, इसलिए किसी के साथ अन्याय नहीं करना चाहिए। यह पर्व आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। भगवान चित्रगुप्त जी का जीवन संदेश है कि मनुष्य अपने कर्मों से ही अपनी पहचान और भविष्य का निर्माण करता है।
कोई टिप्पणी नहीं: