धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रति क्विटंल 2400/- निर्धारित, किसान दिनांक 15.12.2024 से नजदीकी धान अधिप्राप्ति केन्द्र/लैम्पस में बेच सकते हैं धान
रांची । आज दिनांक 12 दिसम्बर 2024 को जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रांची श्री प्रदीप भगत द्वारा ओरमांझी एवं कांके प्रखंड में धान अधिप्राप्ति के संबंध में किसानों से बातचीत की गयी। इस दौरान उन्होंने किसानों को खरीफ विपणन मौसम 2024-25 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति केंद्र पर ही धान बेचने हेतु प्रेरित एवं जागरूक किया गया। साथ ही किसानों को बिचौलियों द्वारा दूसरे राज्यों में धान न बेचने हेतु प्रचार-प्रसार किया गया।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री प्रदीप भगत ने किसानों को बताया कि झारखण्ड सरकार द्वारा खरीफ विपणन मौसम 2024-25 अंतर्गत किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300/- प्रति क्विंटल एवं बोनस 100/- रुपया प्रति क्विंटल अर्थात् कुल 2400/- प्रति क्विंटल की दर से निर्धारित है। जिला प्रशासन द्वारा धान अधिप्राप्ति हेतु सभी प्रकार की आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। साथ ही जिला आपूर्ति कार्यालय, राँची द्वारा किसानों को ससमय भुगतान करने हेतु भी सभी प्रकार की तैयारियां पूरी हैं। श्री प्रदीप भगत ने बताया कि किसान अपने धान दिनांक 15.12.2024 से नजदीकी धान अधिप्राप्ति केन्द्र/लैम्पस में बेच सकते हैं।
आपको बतायें कि राँची जिलान्तर्गत किसानों द्वारा कम मूल्य पर पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों के बिचौलियों को धान बेचे जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं: