जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद दिल्ली शिफ्ट
रांची/जमशेदपुर । झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शनिवार को गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, वे अपने आवास के बाथरूम में अचानक फिसलकर गिर पड़े, जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद तुरंत उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रेफर करने का निर्णय लिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी जानकारी
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से शिक्षा मंत्री की स्थिति को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि हादसे में रामदास सोरेन के सिर पर गहरी चोट आई है और ब्रेन में ब्लड क्लॉट बन गया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया जा रहा है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज करेगी।
हालत चिंताजनक, दुआओं का दौर
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टरों की एक विशेष टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। हालाँकि, उनकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, “हम सब शिक्षा मंत्री श्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। पूरे राज्य की दुआएँ उनके साथ हैं।”
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंता
मंत्री के अचानक घायल होने की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंता की लहर दौड़ गई है। कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। वहीं, उनके निर्वाचन क्षेत्र और समर्थकों के बीच बेचैनी का माहौल है।
प्रशासन सतर्क
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। एयरलिफ्ट की पूरी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने चिकित्सा दल के साथ समन्वय स्थापित कर लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं: