ब्लॉग खोजें

HEC विस्थापितों की अहम बैठक, लाठीचार्ज व गिरफ़्तारी के विरोध में बड़े आंदोलन का ऐलान


राँची। 
झारखंड विस्थापित जन कल्याण समिति के बैनर तले आज दिन रविवार को कुटे तिरील लाबेद तीन सीमानी चौक के समीप HEC विस्थापितों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई जिसमें सैकड़ों विस्थापित आदिवासी–मूलवासी पुरुष और महिलाएँ बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बैठक में हाल ही में हुए उस घटनाक्रम पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया जिसमें विधानसभा सत्र के अंतिम दिन HEC विस्थापितों ने दस लेन सड़क निर्माण के विरोध में मानव श्रृंखला बनाई थी। उसी दौरान राँची पुलिस ने आंदोलनरत पुरुषों और महिलाओं पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया और कई लोगों को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया। इस घटना ने विस्थापित समुदाय में गहरी असंतोष की लहर पैदा कर दी है।

बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कुणाल शाहदेव और महासचिव कृष्णा मिर्धा ने की। दोनों ने स्पष्ट कहा कि यह संघर्ष केवल एक सड़क या एक माँग का नहीं, बल्कि विस्थापितों के हक़ और सम्मान का सवाल है। उन्होंने कहा, “अब समय आ गया है कि हम अपनी चट्टानी एकता को और मज़बूत करें और आने वाले समय में एक व्यापक आंदोलन छेड़ें। विस्थापितों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। हम अपने हक़–अधिकार की रक्षा के लिए किसी भी हद तक लड़ाई जारी रखेंगे।”

मानव श्रृंखला में शामिल उन महिलाओं और युवाओं की हिम्मत और साहस की भी बैठक में सराहना की गई जिन्हें पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ़्तार कर जेल भेजा गया था। वहाँ मौजूद वरिष्ठ ग्रामीण वासियों ने उनका मनोबल बढ़ाने के लिए पारंपरिक सरना गमछा पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान सभा स्थल पर लगातार “विस्थापित एकता ज़िंदाबाद” और “हमारा हक़ हमें दो” जैसे नारे गूँजते रहे।

बैठक में तय किया गया कि आने वाले दिनों में विस्थापित समिति गाँव–गाँव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएगी और सभी प्रभावित परिवारों को एकजुट कर एक बृहद आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी। समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सरकार और प्रशासन ने विस्थापितों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आंदोलन चरणबद्ध ढंग से और अधिक तीव्र किया जाएगा।

आज की इस बैठक में कई प्रमुख ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। इनमें मुख्य रूप से विजय मुंडा, प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, किशोर नाथ शाहदेव, राजा राम महतो, महाबीर लोहारा, संदीप उराँव, विजय बैठा, जैना उराँव, शंकर महली, दिलीप सिंह, मुकुंद सिंह, आशा देवी, वार्ड सदस्य उषा रानी, मनी उराँव, विष्णु लोहरा, सुनील उराँव, हरीश शाहदेव, रूपेश बैठा, सुशांत शाहदेव, रिषी सिंहदेव और मोनू बैठा सहित सैकड़ों विस्थापित पुरुष–महिलाएँ मौजूद रहे।

बैठक का समापन विस्थापितों की एकजुटता और संघर्ष के संकल्प के साथ हुआ।

HEC विस्थापितों की अहम बैठक, लाठीचार्ज व गिरफ़्तारी के विरोध में बड़े आंदोलन का ऐलान HEC विस्थापितों की अहम बैठक, लाठीचार्ज व गिरफ़्तारी के विरोध में बड़े आंदोलन का ऐलान Reviewed by PSA Live News on 10:22:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.