राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने किया उद्घाटन, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के संकल्प पर जोर
रांची, खेलगांव स्थित वीर टाना भगत इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को "East Tech Symposium-2025" (डिफेंस एक्सपो) का ऐतिहासिक शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार और माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित इस एक्सपो में देशभर से रक्षा विशेषज्ञ, औद्योगिक संस्थान, तकनीकी विश्वविद्यालय, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) से जुड़े प्रतिनिधि और रक्षा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री बोले – झारखंड में उद्योग विस्तार की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन झारखंड के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि "ईस्ट टेक सिम्पोजियम-2025" रक्षा क्षेत्र में नए आयाम जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।
मुख्यमंत्री ने झारखंड की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में रक्षा क्षेत्र के लिए आवश्यक रॉ-मैटेरियल और खनिज संसाधनों की प्रचुरता है। यहां यूरेनियम, लौह अयस्क, कोयला और अन्य खनिज बड़ी मात्रा में उपलब्ध हैं, जो रक्षा उद्योग के विकास में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा,
"झारखंड संभावनाओं की धरती है। यहां छोटे-बड़े अनेक उद्योगों ने जन्म लिया है और देश की औद्योगिक पहचान बनाई है।"
एचईसी का उल्लेख और चिंता
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने एचईसी (हैवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन) की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि इस संस्थान ने देश में सैटेलाइट, परमाणु उपकरण और भारी औद्योगिक कॉम्पोनेंट्स बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लेकिन वर्तमान में एचईसी की स्थिति संतोषजनक नहीं होने पर उन्होंने गहरी चिंता जताई।
"इतना बड़ा संस्थान आज उम्मीदों पर खरा क्यों नहीं उतर पा रहा है, यह सोचने की बात है। हमें मिलकर इसका समाधान ढूंढना होगा।" – मुख्यमंत्री
केंद्र-राज्य समन्वय की जरूरत
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से रक्षा एवं औद्योगिक क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड सरकार रक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने और एमएसएमई इकाइयों को प्रोत्साहन देने में हरसंभव सहयोग करेगी।
राज्यपाल का संबोधन
राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल रक्षा क्षेत्र की तकनीकी क्षमताओं को प्रदर्शित करते हैं, बल्कि राज्य और देश की औद्योगिक उन्नति के नए अवसर भी खोलते हैं। उन्होंने आशा जताई कि "ईस्ट टेक सिम्पोजियम-2025" झारखंड को रक्षा उत्पादन और तकनीकी विकास के क्षेत्र में नई दिशा देगा।
डिफेंस एक्सपो का अवलोकन
उद्घाटन समारोह के बाद राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में भारतीय सेना की आधुनिक तकनीक, हथियार, उपकरण, ड्रोन, संचार प्रणालियां और रक्षा अनुसंधान से जुड़ी नवीनतम उपलब्धियां प्रदर्शित की गईं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ, भारतीय सशस्त्र सेना के रक्षा प्रमुख (सीडीएस) जनरल श्री अनिल चौहान, झारखंड की मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी, पूर्वी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल श्री रामचंद्र तिवारी, पूर्वी कमान एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ श्री सूरत सिंह, रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं कई उद्योग जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
11:12:00 pm
Rating:











कोई टिप्पणी नहीं: