झारखंड में 6 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा को राज्य सरकार ने जताया आभार
रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मज़बूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। माननीय मंत्री श्री सुदीव्य कुमार ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सकारात्मक पहल के फलस्वरूप राज्य में 6 नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में झारखंड सरकार स्वास्थ्य ढाँचे को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। श्री नड्डा के सहयोग से अब राज्य के विभिन्न ज़िलों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना संभव हो पाई है, जिससे यहाँ के लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा दोनों का लाभ मिलेगा।
मंत्री ने बताया कि इन मेडिकल कॉलेजों का निर्माण ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। अब झारखंड के युवाओं को डॉक्टर बनने के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही, इन कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों के माध्यम से स्थानीय लोगों को उच्चस्तरीय उपचार की सुविधा अपने ही ज़िले में उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा, “यह पहल झारखंड के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और उन्नत चिकित्सा सेवाओं की समान पहुँच सुनिश्चित करेगी। इससे राज्य में सर्वजन स्वास्थ्य कवरेज (Universal Health Coverage) के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है।"
माननीय मंत्री ने श्री जे.पी. नड्डा के प्रति विशेष आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सहयोग झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि भविष्य में भी केंद्रीय मंत्री का मार्गदर्शन और सहयोग इसी प्रकार राज्य को मिलता रहेगा।
राज्य सरकार का मानना है कि आने वाले वर्षों में इन मेडिकल कॉलेजों से जहाँ एक ओर हजारों युवाओं को चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुँच में क्रांतिकारी सुधार देखने को मिलेगा।
कोई टिप्पणी नहीं: