रांची जिले में केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की गहन समीक्षा, सांसद संजय सेठ ने सदर अस्पताल की कार्यप्रणाली की की प्रशंसा
रांची। रांची जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की व्यापक समीक्षा के उद्देश्य से आज श्रीकृष्ण लोक प्रशासन सेवा संस्थान (एसकेआईपीए) सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं रक्षा राज्यमंत्री श्री संजय सेठ ने की।
बैठक में झारखण्ड सरकार की मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद श्री कालीचरण मुंडा, राज्यसभा सांसद श्री दीपक प्रकाश, श्री आदित्य प्रसाद एवं डॉ. महुआ माजी, विधायक श्री सी.पी. सिंह, श्री नवीन जायसवाल एवं श्री अमित महतो, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती निर्मला भगत, उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री, डीआईजी सह वरीय पुलिस अधीक्षक श्री चंदन सिन्हा, उपविकास आयुक्त श्री सौरभ कुमार भुवनिया समेत कई जनप्रतिनिधि और जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
योजनाओं की समीक्षा और दिशा-निर्देश
बैठक के दौरान केन्द्र सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे–
- मनरेगा
- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी)
- प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना
- दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना
- नेशनल सोशल असिस्टेंस प्रोग्राम
- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन
- स्वच्छ भारत मिशन/जल जीवन मिशन
- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना
की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपविकास आयुक्त श्री सौरभ कुमार भुवनिया ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से योजनाओं की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की।
मनरेगा एवं रोजगारोन्मुखी योजनाएँ
कृषि मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने मनरेगा योजनाओं की वित्तीय उपलब्धता की जानकारी ली। बताया गया कि आवश्यक 43 करोड़ रुपये के मुकाबले 23 करोड़ रुपये का आवंटन उपलब्ध कराया गया है।
राज्यसभा सांसद श्री दीपक प्रकाश ने फर्जी जॉब कार्ड के माध्यम से राशि की निकासी पर कड़ी रोक लगाने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान समिति ने निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर टास्क फोर्स का गठन कर लाभुकों की पुनरावृत्ति रोकने की व्यवस्था की जाए।
सफाई, सड़क मरम्मत और अतिक्रमण हटाने पर जोर
समिति ने पर्व-त्योहारों से पूर्व जिलेभर में स्वच्छता, सड़कों की मरम्मत और अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना
रांची जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा में समिति ने अधिकारियों से निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने को कहा। विशेष रूप से रातू क्षेत्र में विलंबित सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश सांसद श्री संजय सेठ ने दिया।
खाद्य सुरक्षा और पेंशन योजनाएँ
एनएफएसए और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा में समिति ने कहा कि लाभुकों को समय पर पूरी मात्रा में खाद्यान्न वितरण हो और खाली स्लॉट पर नए परिवारों को राशन कार्ड में शामिल किया जाए।
पेंशन योजनाओं के संबंध में बताया गया कि राशि लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जा रही है।
जल जीवन मिशन और अधूरे कार्य
कुछ क्षेत्रों में जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाओं पर चर्चा हुई। समिति ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा होना चाहिए ताकि ग्रामीणों को पेयजल सुविधा मिल सके।
सदर अस्पताल की सराहना और स्वास्थ्य पर चर्चा
बैठक में रांची सदर अस्पताल की कार्यप्रणाली की सराहना की गई। अध्यक्ष सांसद श्री संजय सेठ ने कहा कि “सदर अस्पताल उत्तम कार्य कर रहा है और इसकी व्यवस्था राज्य के लिए अनुकरणीय है।”
इसके साथ ही समिति ने:
- सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) में अल्ट्रासाउंड और डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराने,
- नवजात शिशुओं (New Born Baby) का आधार पंजीकरण,
- सांप काटने (Snake Bite) के लिए आपात व्यवस्था,
- तथा फैटी लीवर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
सांसद श्री कालीचरण मुंडा ने विशेष रूप से बुंडू अनुमंडल अस्पताल की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
जनप्रतिनिधियों के मुद्दे और प्रशासन का आश्वासन
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दे समिति के समक्ष रखे। जिस पर समिति ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने समिति को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी और योजनाओं को धरातल पर उतारने में जिला प्रशासन कोई कोताही नहीं बरतेगा।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में योजनाओं की पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन व्यवस्था सुनिश्चित करना था। सांसद श्री संजय सेठ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति को मिले।
इस बैठक से रांची जिले में चल रही योजनाओं को नई गति और दिशा मिलने की उम्मीद है।
Reviewed by PSA Live News
on
6:45:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: