पूर्व सांसद अजय मारू व श्रीमती कल्पना मारू ने की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित, दिव्य श्रृंगार और संकीर्तन से गूंजा हरमू रोड का वातावरण
रांची, 17 अक्टूबर 2025। हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर शुक्रवार को भक्ति, श्रद्धा और प्रकाश से जगमगा उठा। कार्तिक कृष्ण पक्ष की रंभा एकादशी के पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भोर की मंगला आरती में जहां नियमित दर्शनार्थी शामिल हुए, वहीं ग्यारस पर्व पर आने वाले श्याम भक्तों की भी भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
आरती के उपरांत मंड के पर्दे लगाकर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया। अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज, और कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा की उपस्थिति में मंदिर के आचार्यों ने कोलकाता एवं बेंगलुरु से मंगाए गए तुलसीदल, लाल मुरुगन, व्हाइट एवं येलो क्रिसैंथेमम के मोटे-मोटे फूलों की मालाओं से बाबा को सजाया।
ग्यारस का यह दिन श्याम भक्तों के लिए विशेष माना जाता है। श्रद्धालु अपनी अर्जी लेकर बाबा के चरणों में प्रार्थना करते रहे। हरमू रोड का यह मंदिर रांची के प्रमुख श्याम धामों में से एक बन चुका है, जहाँ भक्तों की आस्था और मान्यता निरंतर बढ़ती जा रही है।
अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर हुआ संकीर्तन आरंभ
मुख्य संकीर्तन कार्यक्रम रात्रि 9:30 बजे आरंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद श्री अजय मारू एवं श्रीमती कल्पना मारू ने अपने परिवार के साथ अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की। ज्योति में केसरिया पेड़ा, पंचमेवा, फल, गिरीगोला, रबड़ी एवं मगही पान का भोग अर्पित कर परिवार ने अपने जीवन में सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।
संगीतमय संकीर्तन गणेश वंदना से आरंभ हुआ।
- गणेश वंदना – श्रवण ढानढनिया
- गुरु वंदना – श्याम सुंदर शर्मा
- हनुमान वंदना – राजेश चौधरी
- भोलेनाथ वंदना – प्रवीण अग्रवाल
- रानी सती दादी जी वंदना – सलज अग्रवाल
- बाबा श्याम वंदना – महामंत्री गौरव अग्रवाल
भक्ति गीतों की गूंज से मंदिर का वातावरण भावविभोर हो उठा। उपस्थित भक्तों ने ताल, झांझ और मंजीरों की लय पर झूमते हुए “श्याम नाम” का संकीर्तन किया।
पूजन व्यवस्था और प्रसाद सेवा में रहा अनुशासित आयोजन
ग्यारस पूजन एवं ज्योति की सभी तैयारियाँ मंत्री विष्णु चौधरी एवं उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया की देखरेख में संपन्न हुईं। मारू परिवार समेत सभी श्रद्धालुओं को ज्योति दिलाने की व्यवस्था भी समिति द्वारा सुचारू रूप से की गई।
रात्रि आरती के उपरांत प्रसाद वितरण का क्रम देर रात तक जारी रहा। इस सेवा में उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां, महामंत्री गौरव अग्रवाल, मंत्री पंकज गाड़ोदिया और अन्य सहयोगियों ने भाग लिया।
विशेष श्रृंगार सेवा मुकेश सिंघानिया परिवार द्वारा संपन्न की गई।
- रबड़ी प्रसाद सेवा: अन्नपूर्णा सरावगी
- केसरिया पेड़ा सेवा: सचिदानंद लाल, कुमुद अग्रवाल, खुशबू गर्ग
- पंचमेवा भोग: एक श्याम भक्त
- मगही पान सेवा: सुभाष रौनक पोद्दार, मुकेश बरनवाल
- फल प्रसाद: एक श्याम भक्त
- गिरीगोला सेवा: मुकेश मित्तल
- नवीन पोशाक सेवा: मुकेश सिंघानिया
दीपावली पर विशेष पूजा और दिव्य श्रृंगार की तैयारी
दीपावली पर्व पर श्री श्याम मंदिर में विशेष महा-स्नान, तिलक और श्रृंगार पूजा का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के आचार्यों के अनुसार, इस दिन मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं एवं गुरुजनों को नवीन पोशाक पहनाई जाएगी। बेंगलुरु और कोलकाता से मंगाए गए अद्भुत फूलों से दिव्य श्रृंगार कर मंदिर को सतरंगी रोशनी से सजाया जाएगा।
मंदिर में विशेष लड्डू का भोग भी अर्पित किया जाएगा। भक्त अपने परिवार की खुशहाली के लिए बाबा श्याम की चौखट पर दीप प्रज्वलित कर मंगलकामना कर सकेंगे।
दीपावली के दिन महास्नान एवं तिलक श्रृंगार के चलते मंदिर के पट पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 5:30 बजे तक आम दर्शनार्थ बंद रहेंगे। इसके पश्चात 5:30 बजे से बाबा के दर्शन और 6:00 बजे से दीप प्रज्वलन का क्रम आरंभ होगा।
भक्तिमय वातावरण में समापन
रात्रि आरती के पश्चात मंदिर के पट विधिवत बंद किए गए। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया एवं अशोक लड़ियां, निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, मंत्री पंकज गाड़ोदिया, विष्णु चौधरी, प्रवीण सिंघानिया, श्यामसुंदर शर्मा, राजेश चौधरी, राजेश ढांढनिया, हेमंत जोशी, प्रकाश सरावगी, दिनेश अग्रवाल, किशन शर्मा, लोकेश जालान, सर्वेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी श्री श्याम मंदिर मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल द्वारा प्रदान की गई।
Reviewed by PSA Live News
on
7:05:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: