भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सुनी देशभर से आए लोगों की समस्याएँ
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में आज केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने देश के विभिन्न राज्यों से आए कार्यकर्ताओं और नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। सुबह से लेकर देर शाम तक चले इस संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं, स्थानीय मुद्दों तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी बातें मंत्री के समक्ष रखीं।
श्री संजय सेठ ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों द्वारा रखे गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों व अधिकारियों तक समस्याओं के समाधान के लिए पहुँचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कई लोगों ने उन्हें लिखित आग्रह पत्र और सुझाव भी सौंपे।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक पार्टी और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी समस्याओं का समाधान करना और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को साकार करने के लिए जनता की भागीदारी और संवाद आवश्यक है।
गौरतलब है कि श्री संजय सेठ हर महीने भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याओं से सीधे रूबरू होते हैं और उनके समाधान की दिशा में पहल करते हैं। इस सतत प्रयास से न केवल कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता है बल्कि आम नागरिकों में भी यह विश्वास जागता है कि उनकी आवाज़ सीधे सरकार तक पहुँच रही है।
इस मौके पर उपस्थित लोगों ने मंत्री के इस जनसंपर्क और संवाद शैली की सराहना करते हुए कहा कि इससे पार्टी और जनता के बीच की दूरी कम होती है और शासन-प्रशासन तक आमजन की समस्याएँ पहुँचाना आसान हो जाता है।

कोई टिप्पणी नहीं: