ब्लॉग खोजें

रांची की कानून व्यवस्था पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उठाए गंभीर सवाल, कहा– अपराध नियंत्रण के लिए झारखंड में लागू हो “योगी मॉडल”


रांची।
राजधानी रांची में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दिए। कटहल मोड़ स्थित एक प्रतिष्ठित व्यावसायिक प्रतिष्ठान में मंगलवार देर शाम हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे शहर को दहला दिया है। इस घटना पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने गहरी नाराज़गी जताते हुए झारखंड की कानून व्यवस्था पर कड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि यह घटना सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पूरे शासन-प्रशासन की नाकामी का प्रतीक है।

श्री सेठ ने कहा— “अपराधियों की गोलीबारी से एक बार फिर राजधानी रांची थर्रा उठी है। अपराध का तांडव लगातार बढ़ रहा है और पूरा सिस्टम मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रहा है। आखिर जनता कब तक भय और असुरक्षा के बीच जीती रहेगी? यह सवाल सिर्फ रांची का नहीं, पूरे झारखंड की जनता का है।”

उन्होंने कहा कि कटहल मोड़ पर व्यवसायी राधेश्याम साहू को गोली मारे जाने की घटना बेहद शर्मनाक और चिंता का विषय है। रांची जैसे विकसित हो रहे शहर में खुलेआम गोलीबारी यह साबित करती है कि अपराधियों को अब न पुलिस का डर है और न कानून का। “यह शासन-प्रशासन के लिए सीधी चुनौती है कि राजधानी की सड़कों पर अपराधी खुलेआम हथियार लहरा रहे हैं और आमजन असुरक्षित हैं,” उन्होंने कहा।

रक्षा राज्य मंत्री ने यह भी कहा कि रांची में हर वर्ग अपराधियों के निशाने पर है— चाहे वह व्यापारी हो, छात्र हो, महिला हो या आम नागरिक। चेन छिनतई, लूट, चोरी और गोलीबारी जैसी घटनाएं अब आम बात हो गई हैं। उन्होंने कहा, “राजधानी में जिस बेखौफी से अपराध हो रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि अपराधियों को किसी प्रकार की जवाबदेही का डर नहीं। ऐसा प्रतीत होता है कि बिहार का जंगलराज अब झारखंड में शिफ्ट हो गया है। रांची अपराधियों की राजधानी बनती जा रही है।”

संजय सेठ ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। पुलिस प्रशासन अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि अपराध पर नियंत्रण और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब कठोर कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा, “राजधानी सहित पूरे झारखंड में अपराध नियंत्रण के लिए अब सिर्फ एक ही कारगर रास्ता बचा है — योगी मॉडल को अपनाना। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने जिस तरह कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया, अपराधियों के मन में भय और जनता में भरोसा जगाया, वही नीति झारखंड में भी लागू करनी होगी।”

श्री सेठ ने आगे कहा कि यदि शासन प्रशासन अपनी प्राथमिकता जनता की सुरक्षा को बनाए तो अपराधी स्वतः भूमिगत हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं झारखंड की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं, निवेशक राज्य में आने से हिचकिचा रहे हैं, और आम नागरिक भय के साये में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि यह समय “जागने” का है— न कि बयानबाजी का। “जनता अब नारे नहीं, परिणाम चाहती है। कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। यदि अब भी सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में झारखंड की स्थिति और भयावह हो सकती है।”

रांची की कानून व्यवस्था पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उठाए गंभीर सवाल, कहा– अपराध नियंत्रण के लिए झारखंड में लागू हो “योगी मॉडल” रांची की कानून व्यवस्था पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उठाए गंभीर सवाल, कहा– अपराध नियंत्रण के लिए झारखंड में लागू हो “योगी मॉडल” Reviewed by PSA Live News on 7:42:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.