धुर्वा में लापता दो बच्चों के परिजनों से मिले केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, जल्द बरामदगी का दिया आश्वासन
रांची। धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी से 2 जनवरी से लापता दो मासूम भाई–बहन अंश एवं अंशिका का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी बच्चों की बरामदगी न होने से परिजनों में गहरा आक्रोश और दुख व्याप्त है। इसी संदर्भ में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आज मौसीबाड़ी स्थित लापता बच्चों के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर सांत्वना प्रदान की।
श्री सेठ ने परिजनों की पीड़ा सुनते हुए आश्वासन दिया कि बच्चों को खोजने के लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे, वे सरकार और प्रशासन के स्तर पर उठाए जाएंगे। उन्होंने मौके पर ही रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर दोनों बच्चों की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि रांची में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है, जो अत्यंत चिंता का विषय है। यदि दिन-दहाड़े दो मासूम बच्चों का अपहरण हो जाए और इतने दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन किसी ठोस नतीजे पर न पहुंच पाए, तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
संजय सेठ ने कहा कि शहर में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे केवल चालान काटने तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में भी उनका प्रभावी उपयोग होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि रांची में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार के कारण आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है और इस पर कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है।
लापता बच्चों की माँ की स्थिति बेहद दयनीय है, वह लगातार बिलख रही हैं और बच्चों की सलामती के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रही हैं। मंत्री संजय सेठ ने राज्य सरकार एवं प्रशासन से अपील की कि दोनों मासूमों को शीघ्र खोजकर सुरक्षित रूप से माता-पिता के सुपुर्द किया जाए।
आज के इस मौके पर मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, उमेश तिवारी, किशनकांत राम, राजेश पोतन, सागर यदुवंशी, भीम यादव, कन्हैया सिंह, बबन यादव, राहुल झा, अभय सिंह एवं राम सिंह सहित कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
8:23:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: