हांसी मेरी जन्म व कर्म भूमि, यहां के लोगों की भलाई के लिए करेंगे हर संभव प्रयास: मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत
वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अधिवक्ता अपनाएं आधुनिक तकनीक।
हरियाणा /हिसार (राजेश सलूजा) । भारत के माननीय मुख्य न्यायधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अधिवक्ता आधुनिक तकनीकों को अपनाएं। न्यायपालिका में भी आधुनिक तकनीकों का तेजी से इस्तेमाल बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न भाषाओं में न्यायालयों के फैसलें का अनुवाद कर लोगों तक पंहूचाया जा रहा है ताकि आमजन इन फैसलों को आसानी से समझ सकें।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत शुक्रवार को हांसी बार एसोसिएशन द्वारा स्थानीय न्यायिक परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि भारतीय न्यायपालिका ने विश्वभर में आधुनिक तकनीक का सबसे ज्यादा लाभ उठाया है। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में बढ़ते दबाव के दृष्टिगत आवश्यक संसाधन व सुविधाएं जुटाई जा रही है। जनता को देश की न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है। देश व राज्य में न्यायिक व्यवस्था का प्रसार हुआ है।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थ व्यवस्था मजबूत होने से विदेशी निवेश बढ़ा है तथा इससे वाणिज्यिक वाद भी बढ़े है। अधिवक्ता स्वयं को आधुनिक तकनीक से लैस करें तथा स्वयं को अपडेट रखें। देश में विवादों का स्वरूप बदल रहा है। उन्होंने कहा कि देश में अपराध का ग्राफ व नेचर भी बदला है, साईबर अपराध विशेषकर डिजिटल अरेस्ट के मामले बढ़ रहे है, इनसे निपटने के लिए अधिवक्ताओं को हर हाल में आधुनिक तकनीक को अपनाना होगा। उन्होंने कहा आमजन को न्याय दिलवाने में अधिवक्ताओं की बड़ी भूमिका है।
देश के मुख्य न्यायाधीाश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए हांसी को जिला बनाने का कार्य किया है। यहां पर सेशन डिविजन स्थापित करने की आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए प्रदेश सरकार के प्रतिनिधियों ने जमीन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश से कहा कि वे हांसी न्यायिक परिसर में ई-लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध करवाएं ताकि अधिवक्ता इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका द्वारा जिला में अधिवक्ताओं को न्याय परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि आज उनको न्यायिक सेवा में 22 वर्ष पूर्ण हुए है। उन्होंने हांसीवासियों को हांसी को प्रदेश का 23वां जिला बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश ने न्यायिक व्यवस्था में नाम कमाया है। उन्होंने उपस्थित गण का आह्वान करते हुए कहा कि वे जीवन की चुनौतियों को स्वीकार करें तथा स्वयं को मजबूत कर इन चुनौतियों पर जीत हासिल करें।
हांसी जिला बार एशोसियशन के प्रधान पवन रापडिय़ा ने मुख्य न्यायाधीश व अन्य अतिथिगण का स्वागत किया। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत को पगड़ी, पटका व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। एडवोकेट सुमन ने मुख्य न्यायाधीश की धर्मपत्नी सविता वशिष्ठ को पगड़ी, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट किया। परीशा ने हांसी व हिसार के प्रशासनिक जज अलका सरीन को शॉल, पगड़ी व स्मृति चिन्ह भेंट किया। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष गौरव सैनी ने जिला व सत्र न्यायाधीश अलका मलिक व प्रशासनिक जज एच.एस. सेठी को पगड़ी, पटका व स्मृति चिन्ह भेंट किया।
हांसी के उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल ने देश के मुख्य न्यायाधीश को उनका चित्र भेंट किया तथा उपमण्डलाधीश राजेश खोथ ने मुख्य न्यायधीश को उनके स्वर्गीय पिता जी का चित्र भेंट किया। इससे पूर्व स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में पंहुचने पर देश के मुख्य न्यायधीश को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, स्थानीय विधायक विनोद भ्याणा ने मुख्य न्यायाधीश को पुष्पगुछ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गगनदीप मित्तल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश इशा खत्री, एसीजेएम अनुराधा सहित वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी व अधिवक्तागण मौजूद थे।
Reviewed by PSA Live News
on
1:27:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: