रांची नगर निगम कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया महाधरना, नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराने की उठी जोरदार मांग
रांची। रांची नगर निगम कार्यालय के बाहर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर निकाय चुनावों में हो रही लम्बी देरी के विरोध में विशाल महाधरना दिया। महाधरना का नेतृत्व रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने किया, जबकि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी से निगम परिसर के बाहर पूरा इलाका सुबह से ही जनसमूह में तब्दील हो गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर नगर निकाय चुनाव टाल रही है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को ठेस पहुँच रही है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि शीघ्रातिशीघ्र ईवीएम के माध्यम से पारदर्शी ढंग से नगर निकाय चुनाव कराए जाएँ और चुनाव दलीय आधार पर कराना सुनिश्चित किया जाए।
धरना स्थल पर संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नगर निकायों में चुनी हुई सरकारों के नहीं रहने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर प्रशासनिक अक्षमता और राजनीतिक लाभ के लिए चुनाव टालने का आरोप लगाया। मरांडी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रकाश प्रसाद, विधायक नवीन जायसवाल, निवर्तमान उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि नगर निगमों में प्रशासक के सहारे काम चल रहा है, जिससे जनता की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। चुने हुए जनप्रतिनिधि ही जनता के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर सकते हैं।
महाधरना में शामिल कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियाँ लेकर नारेबाज़ी की और सरकार से तत्काल चुनाव तिथि घोषित करने की मांग की। धरना शांतिपूर्ण रहा तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की समुचित तैनाती की गई। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल एवं राज्य निर्वाचन आयोग को संबोधित ज्ञापन भी सौंपे जाने की जानकारी दी गई।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यह महाधरना केवल प्रतीकात्मक विरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का आंदोलन है। उन्होंने दावा किया कि जब तक नगर निकाय चुनाव की घोषणा नहीं हो जाती, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
12:26:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: