ब्लॉग खोजें

आईआईएम रांची के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए मंत्री सुदिव्य कुमार

 


रांची। आईआईएम रांची (Indian Institute of Management Ranchi) के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि माननीय उपराष्ट्रपति, झारखंड के माननीय राज्यपाल, राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश, भारत सरकार के माननीय राज्य रक्षा मंत्री श्री संजय सेठ, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन श्री प्रवीण शंकर पाण्ड्या तथा संस्थान के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


इस अवसर पर झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने समारोह में भाग लेते हुए सभी अतिथियों का अभिवादन किया और स्नातक छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के Virtual Reality Case Repository का शुभारंभ भी किया गया।


अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आदरणीय निदेशक, संकाय सदस्यों और संस्थान से जुड़े सभी लोगों का इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन आज का दिन विशेष रूप से उन छात्रों के लिए है, जो इस दीक्षाभूमि से दीक्षित होकर जीवन की नई यात्रा की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज इन छात्रों के सामने संभावनाओं का एक अनंत क्षितिज खुला है और उन्हें विश्वास है कि वे ऐसी ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे, जिससे न केवल उनका बल्कि संस्थान का गौरव भी बढ़ेगा।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि वर्ष 2009 में स्थापना के बाद से आईआईएम रांची ने प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में एक सशक्त और प्रतिष्ठित पहचान बनाई है। संस्थान ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार और नेतृत्व विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

मंत्री ने झारखंड सरकार की *गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना* का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत योग्य छात्रों को *15 लाख रुपये* तक का *शिक्षा ऋण* मात्र 4 प्रतिशत साधारण ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि *आईआईएम रांची के 24 छात्रों ने इस योजना के माध्यम से लगभग 3.21 करोड़ रुपये का लाभ* प्राप्त किया है।

उन्होंने *झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप योजना* की चर्चा करते हुए कहा कि यह पहल छात्रों को जमीनी स्तर पर नवाचार, स्थानीय अर्थव्यवस्था, आजीविका मॉडल और ग्रामीण चुनौतियों को समझने का अवसर प्रदान करती है। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि आईआईएम रांची के रूरल इमर्शन प्रोग्राम को इस योजना से जोड़कर इसे और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

मंत्री ने यह भी कहा कि *राज्य सरकार प्रत्येक कमिश्नरेट में पांच नए बिजनेस स्कूल स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है*, जिसमें आईआईएम रांची एक मार्गदर्शक संस्थान के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इससे राज्य में गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता तथा रोजगार के अवसर सुदृढ़ होंगे।

अंत में मंत्री सुदिव्य कुमार ने दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए आईआईएम रांची को बधाई दी।

आईआईएम रांची के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए मंत्री सुदिव्य कुमार आईआईएम रांची के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए मंत्री सुदिव्य कुमार Reviewed by PSA Live News on 2:48:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.