ब्लॉग खोजें

रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 259वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद, भजन संध्या में भक्ति की बही सरिता


रांची: 
राजधानी रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में रविवार को श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा 259वां अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद भव्य रूप से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री राधा रानी के दिव्य श्रृंगार से हुई। मंदिर को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था, वहीं राधा रानी को सुंदर आभूषणों से अलंकृत कर अलौकिक रूप प्रदान किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा विधिवत महाप्रसाद का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण शुरू हुआ। महाप्रसाद में मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी और गुलाब का शरबत शामिल था, जिसे करीब 2 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ के अनुसार, पूरे दिन में 4 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक अन्नपूर्णा महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन 400 से अधिक श्रद्धालु शामिल होते हैं।

महाप्रसाद के उपरांत आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। ट्रस्ट के भजन गायकों ने अपने सुमधुर भजनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। “राधे-राधे” और “जय श्री कृष्ण” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक महाआरती के साथ हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना की। इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज कुमार चौधरी, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, संजय सर्राफ, सुरेश भगत, पवन पोद्दार, ज्ञान चंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा भाव का भी सुंदर संदेश दिया।

रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 259वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद, भजन संध्या में भक्ति की बही सरिता रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 259वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद, भजन संध्या में भक्ति की बही सरिता Reviewed by PSA Live News on 7:33:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.