ब्लॉग खोजें

विश्व यक्ष्मा दिवस पर झारखंड को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की नई ताकत: 76 चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र, 2030 तक टीबी मुक्त राज्य का संकल्प


रांची/नामकुम: 
विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में संविदा आधारित चयनित 76 चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नव-नियुक्त चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि चिकित्सकों का योगदान समाज में अमूल्य होता है। उनकी सेवाएं न केवल मरीजों को जीवनदान देती हैं, बल्कि समाज में विश्वास और आशा का संचार भी करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आने वाले समय में और बड़े स्तर पर नियुक्तियां करने के लिए प्रतिबद्ध है।

1250 डॉक्टरों की जल्द होगी नियुक्ति

स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए शीघ्र ही जेपीएससी के माध्यम से 1250 नए डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में 8 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में कार्य किया गया है, जिससे राज्य के चिकित्सा ढांचे को मजबूती मिलेगी।

पहली बार मेडिकल यूनिवर्सिटी, आधुनिक सुविधाओं पर जोर

डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड में पहली बार मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है, जिससे राज्य के छात्र-छात्राओं को यहीं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही प्रमुख अस्पतालों में सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि मरीजों को अन्य राज्यों में रेफर करने की आवश्यकता कम हो।

उन्होंने बताया कि ब्लड सप्लाई सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए टोल-फ्री नंबर आधारित नई व्यवस्था लागू की जा रही है। वहीं, सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों की पहचान के लिए राज्यव्यापी जांच अभियान भी जल्द शुरू किया जाएगा।

 2030 तक ‘टीबी मुक्त झारखंड’ का लक्ष्य

राज्य सरकार ने वर्ष 2030 तक झारखंड को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए एआई और रोबोटिक तकनीक को भी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में लागू करने की योजना पर कार्य जारी है।

 इस वर्ष 12 लाख लोगों की टीबी जांच का लक्ष्य

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए राज्य सरकार द्वारा बड़े स्तर पर जांच, जागरूकता और उपचार कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वर्ष 2025 में 100 दिवसीय अभियान के दौरान करीब 9.5 लाख लोगों की जांच की गई, जो वर्ष 2024 की तुलना में दोगुनी है। वर्ष 2026 में 12 लाख लोगों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत की गई है और सभी चयनित चिकित्सकों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने पदस्थापन स्थल पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।

 100 दिनों का विशेष अभियान, जागरूकता वाहनों को हरी झंडी

अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि 24 मार्च 1882 को टीबी के जीवाणु की खोज के उपलक्ष्य में हर वर्ष इस दिन को विश्व यक्ष्मा दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आगामी 100 दिनों में राज्य के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी की स्क्रीनिंग, जांच और उपचार को और तेज किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री द्वारा टीबी उन्मूलन अभियान के तहत जागरूकता फैलाने के लिए विशेष प्रचार वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

 सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम का समापन राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा ‘टीबी मुक्त झारखंड’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित कई गणमान्य अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह झारखंड सरकार की उस प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है, जिसमें हर नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निहित है।

विश्व यक्ष्मा दिवस पर झारखंड को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की नई ताकत: 76 चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र, 2030 तक टीबी मुक्त राज्य का संकल्प विश्व यक्ष्मा दिवस पर झारखंड को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की नई ताकत: 76 चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र, 2030 तक टीबी मुक्त राज्य का संकल्प Reviewed by PSA Live News on 10:32:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.