रांची: राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत वेस्ट सरोवर नगर, देवी मंडप रोड में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी को तोड़ते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह चोरी विजय कुमार साहू के घर में हुई। बताया जा रहा है कि घर के सदस्य किसी कार्यवश बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने मुख्य दरवाजे का लॉक तोड़ने के बाद घर के अंदर प्रवेश किया और सीधे उस कमरे तक पहुंचे जहां अलमारी रखी हुई थी। अलमारी को तोड़कर उसमें रखे करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस गश्ती की कमी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
5:07:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: