रामनवमी पर सेवा और संस्कृति का संगम: कचहरी चौक पर बाबा विद्यापति स्मारक समिति का भव्य सेवा शिविर, “मां जानकी पथ” नामकरण की उठी मांग
रांची: रामनवमी के पावन अवसर पर राजधानी रांची का कचहरी चौक आज भक्ति, सेवा और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत केंद्र बन गया, जब बाबा विद्यापति स्मारक समिति द्वारा “रामनवमी सेवा शिविर” का भव्य आयोजन किया गया। इस सेवा शिविर ने न केवल हजारों रामभक्तों की प्यास बुझाई, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन रांची नगर निगम की लोकप्रिय महापौर रोशनी खलखो द्वारा दोपहर 2:30 बजे किया गया। इस अवसर पर समिति की ओर से महापौर का पारंपरिक मिथिला संस्कृति के अनुरूप मिथिला पाग, शॉल, पुष्पगुच्छ, बाबा विद्यापति की प्रतिमा एवं स्मृति चिन्ह देकर भव्य स्वागत किया गया।
महापौर रोशनी खलखो ने अपने संबोधन में बाबा विद्यापति स्मारक समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा शिविर समाज में आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने मिथिला समाज सहित सभी सनातन धर्मावलंबियों को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जयन्त झा ने महापौर से एक महत्वपूर्ण मांग रखते हुए रांची के प्रसिद्ध सर्कुलर रोड का नाम बदलकर “मां जानकी पथ” करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह नामकरण मिथिला संस्कृति और माता जानकी के प्रति श्रद्धा का प्रतीक होगा, जिससे शहर की सांस्कृतिक पहचान और भी समृद्ध होगी।
कार्यक्रम में रांची नगर निगम के पूर्व उप महापौर संजीव विजयवर्गीय को भी समिति द्वारा मिथिला पाग, शॉल, पुष्पगुच्छ एवं बाबा विद्यापति की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। श्री विजयवर्गीय ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिस्का नगरी, रांची में उगना महादेव एवं माता जानकी मंदिर के निर्माण की योजना पर कार्य शुरू किया जा रहा है, जिसका शिलान्यास आगामी 25 अप्रैल को मां जानकी जन्मोत्सव के अवसर पर किया जाएगा। इस घोषणा से उपस्थित मिथिला समाज एवं सनातन धर्मावलंबियों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
सेवा शिविर में हजारों रामभक्तों का स्वागत कच्चा चना, गुड़, खीर, शरबत एवं शीतल पेयजल से किया गया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए यह शिविर राहत और सेवा का केंद्र बना रहा। समिति के कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सेवा कार्यों को सफल बनाया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जयन्त झा, राजेश झा, ज्ञानदेव झा, डॉ. पंकज रॉय, मणिकांत ओझा, जगमोहन प्रसाद, पूर्णेन्दु ठाकुर, आशु झा, अंजनी कांत झा, छवि झा, इशांक झा, समीर झा, सोनी कुमारी, रंजीत लाल दास, संतोष मिश्रा, अजय झा, वैद्य मनोज झा, भावेश चंद्र मिश्रा, सुमन झा, राधेश्याम यादव, मृत्युंजय झा, राजीव रंजन, सुनील सिंहा, संजीव यादव, अशोक गुप्ता, गोपाल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
अंत में समिति के अध्यक्ष जयन्त झा ने सभी रामभक्तों एवं नगरवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति आगे भी इसी प्रकार समाज सेवा और सांस्कृतिक संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
Reviewed by PSA Live News
on
6:40:00 pm
Rating:







कोई टिप्पणी नहीं: