रामनवमी पर उठी बड़ी मांग: सर्कुलर रोड का नाम “मां जानकी पथ” करने की पहल, मिथिला संस्कृति के सम्मान की आवाज
यह मांग कचहरी चौक पर आयोजित भव्य “रामनवमी सेवा शिविर” के दौरान सामने आई, जहां समिति के अध्यक्ष जयन्त झा ने रांची की महापौर रोशनी खलखो के समक्ष औपचारिक रूप से यह प्रस्ताव रखा।
जयन्त झा ने अपने संबोधन में कहा कि “मां जानकी पथ” नामकरण केवल एक सड़क का नाम बदलने का प्रस्ताव नहीं है, बल्कि यह मिथिला संस्कृति, आस्था और माता जानकी के प्रति गहरी श्रद्धा का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि रांची में बड़ी संख्या में मिथिला समाज के लोग निवास करते हैं, और इस तरह का नामकरण उनकी सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने का कार्य करेगा।
महापौर रोशनी खलखो ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से सुनते हुए समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सेवा शिविर में हजारों रामभक्तों का स्वागत चना-गुड़, खीर, शरबत एवं शीतल पेयजल से किया गया। समिति के कार्यकर्ताओं ने पूरे समर्पण के साथ सेवा कार्यों को सफल बनाया, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली।
इस अवसर पर रांची नगर निगम के पूर्व उप महापौर संजीव विजयवर्गीय ने भी समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए पिस्का नगरी में उगना महादेव एवं माता जानकी मंदिर निर्माण की घोषणा को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने आगामी 25 अप्रैल को मां जानकी जन्मोत्सव के अवसर पर शिलान्यास की इच्छा भी व्यक्त की।
रामनवमी के इस अवसर पर उठी “मां जानकी पथ” नामकरण की मांग अब केवल एक प्रस्ताव नहीं, बल्कि मिथिला समाज की सांस्कृतिक अस्मिता और आस्था से जुड़ा मुद्दा बनती जा रही है। आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या निर्णय लेता है।
Reviewed by PSA Live News
on
6:56:00 pm
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: