ब्लॉग खोजें

01 से 03 मई तक रांची में सांसद सांस्कृतिक महोत्सव एवं स्वदेशी मेला

कलाकारों और स्वदेशी उत्पादकों को मिलेगा मंच, 100 से अधिक निःशुल्क स्टॉल लगाए जाएंगे


रांची: राजधानी रांची में 01, 02 और 03 मई 2026 को ऑड्रे हाउस परिसर में ‘सांसद सांस्कृतिक महोत्सव एवं स्वदेशी मेला 2026’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री सेठ ने बताया कि तीन दिवसीय इस आयोजन में रांची लोकसभा क्षेत्र के कलाकारों, विद्यार्थियों, कारीगरों और स्वदेशी उत्पादकों को एक साझा मंच प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

श्री सेठ ने बताया कि आयोजन नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को बढ़ावा देना है।

महोत्सव में रांची लोकसभा क्षेत्र के 50 से अधिक स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। कार्यक्रम में पद्मश्री मुकुंद नायक, पद्मश्री मधु मंसूरी सहित कई प्रख्यात कलाकारों की उपस्थिति भी रहेगी।

6 विधाओं में होगी प्रतियोगिता

सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के तहत छह प्रमुख विधाओं में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें ग्रुप लोक नृत्य, ग्रुप शास्त्रीय नृत्य, जनजातीय नृत्य, स्किट, सामूहिक गायन और बैंड प्रतियोगिता शामिल हैं।

प्रतियोगिता दो वर्गों—जूनियर (10 से 17 वर्ष) और सीनियर (18 वर्ष से अधिक) में आयोजित होगी। सामूहिक गायन को अर्धशास्त्रीय/लोक/देशभक्ति और वेस्टर्न/फ्यूजन श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

तीनों दिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि शाम 6 बजे के बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र तथा विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

स्वदेशी मेला में लगेंगे 100 से अधिक स्टॉल

महोत्सव के साथ आयोजित स्वदेशी मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जो पूरी तरह निःशुल्क होंगे। स्टॉल केवल उन्हीं उत्पादकों को दिए जाएंगे, जो स्वयं अपने उत्पादों का निर्माण करते हैं।

मेले में झारखंडी पारंपरिक वेशभूषा, हस्तशिल्प, स्थानीय खानपान और मिलेट (मोटा अनाज) आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

सांसद सांस्कृतिक महोत्सव एवं स्वदेशी मेला 2026 के माध्यम से रांची में कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों को एक साथ मंच देने की पहल की जा रही है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं और उत्पादकों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

01 से 03 मई तक रांची में सांसद सांस्कृतिक महोत्सव एवं स्वदेशी मेला 01 से 03 मई तक रांची में सांसद सांस्कृतिक महोत्सव एवं स्वदेशी मेला Reviewed by PSA Live News on 10:00:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.