हरियाणा हादसे के पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत: केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने ₹15-15 लाख के चेक सौंपे, नौकरी के अवसर भी दिए
सरायकेला-खरसावां | विशेष संवाददाता । कुछ दिन पूर्व हरियाणा के गुरुग्राम में हुए एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में झारखंड के ईचागढ़ और पोटका क्षेत्र के आधा दर्जन श्रमिकों की मौत हो गई थी। इस हादसे ने न सिर्फ परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तत्काल गुरुग्राम पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिया। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप हरियाणा सरकार ने भी त्वरित संज्ञान लिया और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख की प्रारंभिक मुआवजा राशि प्रदान की गई।
इसी कड़ी में, आज सरायकेला-खरसावां प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए 15-15 लाख के चेक सौंपे। जिन परिवारों को यह सहायता दी गई, उनमें मधुमति महतो, रोहित महतो, मोचीराम गोप, झरना गोप, सुक्कु सिंह मुंडा और तपन कुमार महतो शामिल हैं।
इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि, “मेरे क्षेत्र के श्रमिकों की असामयिक मृत्यु से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हम उनके प्रियजनों की कमी तो पूरी नहीं कर सकते, लेकिन यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि उनके परिवारों को जीवन यापन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।”
उन्होंने आगे बताया कि अब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार को लगभग ₹35 लाख की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। साथ ही, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से अगले 10 दिनों के भीतर अतिरिक्त 4 लाख की राशि भी उनके खातों में भेजी जाएगी।
मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए, दो प्रभावित परिवारों को रोजगार के लिए ऑफर लेटर भी प्रदान किया गया, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने भविष्य को सुरक्षित कर सकें।
इस कार्यक्रम में सरायकेला भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान और आदित्यपुर के मेयर संजय सिंह सरदार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस पहल से न सिर्फ पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल मिला है, बल्कि यह भी स्पष्ट हुआ है कि संकट की घड़ी में सरकार और जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं। यह कदम सामाजिक संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया है।
Reviewed by PSA Live News
on
8:19:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: