डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारी तेज: राँची में फील्ड ट्रेनर्स का द्वितीय बैच प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न
राँची, 16 अप्रैल 2026: आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन - HLO) को लेकर राँची जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में समाहरणालय, राँची में आयोजित फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया।
उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी, राँची के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के प्रथम चरण को पूरी तरह डिजिटल, सटीक, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना है। यह प्रशिक्षण 13, 15 एवं 16 अप्रैल 2026 को समाहरणालय स्थित बी-ब्लॉक के कक्ष संख्या 505 में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 35 फील्ड ट्रेनर्स ने भाग लिया।
डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण पर विशेष जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को CMMS पोर्टल एवं HLO Mobile Application के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर्स श्री रविशंकर मिश्रा एवं श्री संजीव कुमार ने जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, डिजिटल डेटा संग्रहण तथा HLO प्रक्रिया से जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी।
फील्ड ट्रेनर्स को क्षेत्रीय कार्य के दौरान पूछे जाने वाले सभी 33 महत्वपूर्ण प्रश्नों पर विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया, ताकि जमीनी स्तर पर डेटा संग्रहण में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
अब आगे की जिम्मेदारी फील्ड ट्रेनर्स पर
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये फील्ड ट्रेनर्स अब अपने-अपने चार्ज क्षेत्रों में जाकर प्रगणकों (Enumerators) एवं सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित करेंगे। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जनगणना का प्रथम चरण एकरूपता के साथ और निर्धारित समय सीमा में पूरा हो।
द्वितीय बैच के अंतर्गत जिन क्षेत्रों के ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया, उनमें नगर पंचायत बुण्डू, चान्हो, रातु, खलारी, ओरमांझी, नामकुम, ईटकी एवं अनगड़ा शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रथम दिन अपर समाहर्ता श्री रामनारायण सिंह, अपर समाहर्ता (नक्सल) सह नोडल पदाधिकारी श्री सुदर्शन मुर्मू एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-उप जिला जनगणना पदाधिकारी श्री शेषनाथ बैठा ने प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण किया और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
विकास योजनाओं की आधारशिला बनेगी जनगणना
प्रशासन के अनुसार, जनगणना 2027 केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं, संसाधन वितरण और नीति निर्धारण की आधारशिला है। सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े ही सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में सक्षम बनाते हैं।
इस प्रशिक्षण के सफल आयोजन के साथ ही राँची जिला प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वह जनगणना 2027 को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Reviewed by PSA Live News
on
8:48:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: