रांची: झारखंड मैथिली मंच द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “विद्यापति स्मृति पर्व” का भव्य समापन हरमू मैदान में सांस्कृतिक उल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ। समारोह के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं हटिया के विधायक नवीन जायसवाल की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंच के महासचिव जयंत झा ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें उठाईं। उन्होंने रांची से दरभंगा और रांची से पूर्णिया के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने के साथ-साथ रांची से जयनगर तक नियमित रेल सेवा बहाल करने की मांग रखी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इन मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध हास्य उद्घोषक राम सेवक ठाकुर की चुटीली प्रस्तुति से हुई, जिसने दर्शकों को शुरुआत से ही बांधे रखा। इसके बाद कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को मिथिलांचल की संस्कृति से सराबोर कर दिया।
ज्योति मिश्रा ने अपने लोकप्रिय गीत “चंदा जूनी जाऊ आजुक राती” से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं सौम्या मिश्रा ने महाकवि Vidyapati के अमर गीतों—“आजू नाथ एक व्रत, महा सुख लागत हे”, “चलूं-चलूं बाबू भैया मिथिला के गाम” और “एकरा चिट्ठी नै बुझी हमर तार बुझाबे”—की प्रस्तुति देकर तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी।
दिल्ली से आईं कलाकार कुमकुम मिश्रा ने “पिया मोर बालक, हम तरूणी गे” गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं मिथिलेश मिश्रा के “माधव कते तोर करब बड़ाई” और रवींद्र जी के गीत “गीत गेलिए त कोन जुलुम केलियाई” तथा “बजानियां रे एहन बाजा बजा दे” पर पूरा मैदान झूम उठा। इस दौरान राम सेवक ठाकुर भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सके।
कार्यक्रम के दौरान मंच के सक्रिय सदस्य नरेश झा की कमी लगातार महसूस की गई। संयोगवश इसी दिन उनके साथ-साथ स्वर कोकिला आशा भोसले के निधन की खबर ने पूरे माहौल को भावुक कर दिया। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने दोनों दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
तीन दिनों तक चले इस भव्य आयोजन ने न केवल मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया, बल्कि क्षेत्रीय विकास और जनभावनाओं को भी एक सशक्त मंच प्रदान किया।
Reviewed by PSA Live News
on
11:20:00 am
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: