ब्लॉग खोजें

तपोवन मंदिर के नवनिर्माण में सरकार देगी पूरा सहयोग: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन


 रांची | PSA Live News

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में श्री राम जानकी तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति, रांची के सदस्यों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान समिति के प्रतिनिधियों ने मंदिर के चल रहे नवनिर्माण कार्य की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया तथा उन्हें स्थल निरीक्षण के लिए आमंत्रित किया।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्री राम जानकी तपोवन मंदिर रांची की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर है और यह लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मंदिर के रिनोवेशन और ब्यूटीफिकेशन कार्य में राज्य सरकार का पूरा सहयोग रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि तपोवन मंदिर को इस प्रकार विकसित किया जाए कि यह देश-विदेश के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन सके।

नवनिर्माण समिति की ओर से जानकारी दी गई कि मंदिर का निर्माण कार्य वर्ष 2029 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। वर्तमान में फाउंडेशन का कार्य पूरा हो चुका है और आगे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। समिति ने बताया कि मंदिर का निर्माण अयोध्या के राम मंदिर के आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा के निर्देशन में किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में मंदिर के महंत ओमप्रकाश, समिति के सचिव प्रणय कुमार, सदस्य प्रवीण कुमार वर्मा, अयोध्या दास समेत अन्य सदस्य शामिल थे।

तपोवन मंदिर के नवनिर्माण में सरकार देगी पूरा सहयोग: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन तपोवन मंदिर के नवनिर्माण में सरकार देगी पूरा सहयोग: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन Reviewed by PSA Live News on 7:19:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.