ब्लॉग खोजें

रांची में घरेलू गैस आपूर्ति दुरुस्त करने को सख्त निर्देश, हजारों लंबित सिलेंडरों की जल्द डिलीवरी का आदेश


रांची | विशेष संवाददाता ।

रांची जिले में घरेलू रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में गैस एजेंसियों को लंबित डिलीवरी (बैकलॉग) शीघ्र समाप्त करने तथा उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंचाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

यह बैठक अनुमंडल पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी कुमार रजत की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, आपूर्ति विभाग के प्रतिनिधि तथा Indian Oil Corporation Limited के प्रतिनिधि के साथ-साथ विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक शामिल हुए।

 हजारों सिलेंडर डिलीवरी लंबित, प्रशासन सख्त

बैठक में गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए—

इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी: 4164 सिलेंडर लंबित

आनंद गैस एजेंसी: 6800 सिलेंडर लंबित

उरांव गैस एजेंसी: 3733 सिलेंडर लंबित

इन सभी लंबित सिलेंडरों के लिए डीएसी नंबर पहले ही जनरेट किए जा चुके हैं, बावजूद इसके उपभोक्ताओं तक गैस नहीं पहुंच पाई है। इस पर प्रशासन ने नाराजगी जताते हुए एजेंसियों को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

 समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में Indian Oil Corporation Limited के प्रतिनिधि को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि गैस एजेंसियों को पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर की नियमित और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करें। प्रशासन ने कहा कि आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि इससे आम जनता सीधे प्रभावित होती है।

 होम डिलीवरी पर विशेष जोर

उपभोक्ताओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए सभी गैस एजेंसियों को होम डिलीवरी व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का मानना है कि घर-घर गैस पहुंचाने से न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ भी कम होगी।

 लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि एजेंसियां निर्धारित समय में बैकलॉग समाप्त नहीं करती हैं या उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं कराती हैं, तो उनके विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

रांची जिला प्रशासन की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को समय पर राहत मिल सकेगी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

रांची में घरेलू गैस आपूर्ति दुरुस्त करने को सख्त निर्देश, हजारों लंबित सिलेंडरों की जल्द डिलीवरी का आदेश रांची में घरेलू गैस आपूर्ति दुरुस्त करने को सख्त निर्देश, हजारों लंबित सिलेंडरों की जल्द डिलीवरी का आदेश Reviewed by PSA Live News on 8:26:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.