ब्लॉग खोजें

ईरानी चॉकलेट और अफगानी ड्राई फ्रूट्स का जलवा, मेगा ट्रेड फेयर में उमड़ रही भीड़

17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में खरीदारी, स्वाद और मनोरंजन का अनोखा संगम


रांची:
मोरहाबादी मैदान में झारखंड चैंबर एवं जीएस मार्केटिंग एसोसिएट्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में लोगों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में शहरवासी मेले में पहुंचे और जमकर खरीदारी की। हर स्टॉल पर ग्राहकों की भीड़ यह दर्शा रही है कि यह आयोजन रांचीवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है।

इस बार ट्रेड फेयर में कई नए और अनोखे उत्पाद लोगों को खासा लुभा रहे हैं। पहली बार पेश की गई इलास्टिक फीटेड बेडशीट ग्राहकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। हर साइज में उपलब्ध यह बेडशीट गद्दे पर आसानी से फिट हो जाती है और इसे लगाना-उतारना बेहद सरल है। इसकी कीमत करीब 1000 रुपये रखी गई है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं।

 विदेशी स्वाद का आकर्षण

ट्रेड फेयर में इस बार विदेशी उत्पादों का भी खास आकर्षण देखने को मिल रहा है। ईरान के चॉकलेट लोगों को खूब भा रहे हैं। अलग-अलग फ्लेवर और वैराइटी में उपलब्ध ये चॉकलेट 200 से 1600 रुपये तक की कीमत में बिक रहे हैं। वहीं अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट्स भी अपनी गुणवत्ता और स्वाद के कारण खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं।

 मिठाइयों में भी खास वैरायटी

यहां शुद्ध घी, शहद और नट्स से बनी विशेष मिठाइयों के साथ-साथ बंगाल का प्रसिद्ध संदेश भी लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। 15 से अधिक वैराइटी में उपलब्ध यह संदेश मिठाई मात्र 20 रुपये प्रति पीस की कीमत पर मिल रही है, जिससे लोग बड़े पैमाने पर खरीदारी कर रहे हैं।

 महिलाओं की पहली पसंद बना साड़ी स्टॉल

मेले में 500 रुपये में पांच साड़ियों की आकर्षक पेशकश ने महिलाओं को खासा आकर्षित किया है। इस स्टॉल पर भारी भीड़ देखी जा रही है, जहां महिलाएं एक बार में 5 से 10 साड़ियों की खरीदारी करती नजर आ रही हैं।

 व्यापार को मिल रही नई ऊर्जा

चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इस मेगा ट्रेड फेयर के माध्यम से रांची के व्यापारिक माहौल को नई दिशा और ऊर्जा मिल रही है। यह आयोजन न केवल व्यापार को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि उद्यमियों के बीच नेटवर्किंग और नए अवसरों का सृजन भी कर रहा है।

वहीं चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह फेयर रांची को एक उभरते हुए ट्रेड हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यहां व्यापार, मनोरंजन और फूड कल्चर का बेहतरीन समन्वय देखने को मिल रहा है, जिससे हर वर्ग के लोग आकर्षित हो रहे हैं।

 बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच

मेगा ट्रेड फेयर के दौरान बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें 6 से 16 वर्ष तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन कार्यकारिणी सदस्य आस्था किरण और पूनम आनंद के देखरेख में किया गया।

प्रतियोगिता के विजेताओं को स्थानीय विधायक मथुरा महतो ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने ट्रेड फेयर के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शहर के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस मौके पर चैंबर के कई पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें आदित्य मल्होत्रा, प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, रोहित अग्रवाल, नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, अनिल अग्रवाल, शशांक भारद्वाज, पूजा ढाढा, पूनम आनंद, आस्था किरण, आनंद जालान, किशन अग्रवाल, राजीव चौधरी और आलोक सिंह शामिल थे।

 कुल मिलाकर, यह मेगा ट्रेड फेयर रांची में न केवल खरीदारी का केंद्र बना हुआ है, बल्कि यह सांस्कृतिक, व्यावसायिक और पारिवारिक मनोरंजन का भी एक बड़ा मंच साबित हो रहा है।

ईरानी चॉकलेट और अफगानी ड्राई फ्रूट्स का जलवा, मेगा ट्रेड फेयर में उमड़ रही भीड़ ईरानी चॉकलेट और अफगानी ड्राई फ्रूट्स का जलवा, मेगा ट्रेड फेयर में उमड़ रही भीड़ Reviewed by PSA Live News on 11:31:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.