ब्लॉग खोजें

डिजिटल जनभागीदारी की नई पहल : 10 मई को रांची में चलेगा विशेष “सेल्फ एन्यूमरेशन ड्राइव”

घर बैठे ऑनलाइन स्वगणना कर सकेंगे नागरिक, जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन की विशेष अपील


रांची। 
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित होने वाली जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन रांची ने व्यापक स्तर पर तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में 10 मई 2026 को रांची जिले में विशेष “SELF ENUMURATION DRIVE” चलाया जाएगा, जिसके तहत नागरिकों से दोपहर 12 बजे से 01 बजे तक डिजिटल माध्यम से स्वगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई है।

उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि विकास की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही सही आंकड़े प्राप्त होंगे, जिनके आधार पर भविष्य की योजनाएँ तैयार की जाती हैं। उन्होंने कहा कि “हमारी जनगणना, हमारा भविष्य” की भावना के साथ प्रत्येक परिवार को इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम

जनगणना-2027 में पहली बार बड़े स्तर पर डिजिटल स्वगणना प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल
se.census.gov.in
पर जाकर अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं।

प्रशासन के अनुसार, यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक है। नागरिक अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशेष SE-ID प्राप्त होगा, जिसे भविष्य में प्रगणक के घर आने पर साझा करना होगा।

15 मई तक उपलब्ध रहेगी स्वगणना सुविधा

जिला प्रशासन ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण को दो भागों में विभाजित किया गया है।

पहला चरण : स्वगणना अभियान

1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन विवरण दर्ज करने की सुविधा दी गई है। इस अवधि में लोग डिजिटल माध्यम से अपने परिवार, मकान, सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं को पोर्टल पर अपडेट कर सकते हैं।

दूसरा चरण : घर-घर गणना

16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान प्रत्येक मकान की स्थिति, परिवार की संरचना, उपलब्ध मूलभूत सुविधाएँ और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारियाँ दर्ज की जाएंगी।

कार्यालयों से पंचायतों तक चल रहा जागरूकता अभियान

जिला प्रशासन द्वारा रांची जिले में “SELF ENUMURATION CAMPAIGN” को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। समाहरणालय स्थित विभिन्न विभागों में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ऑनलाइन स्वगणना कर लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।

इसके अलावा प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत सचिवालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को डिजिटल स्वगणना की जानकारी दी जा रही है ताकि अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन प्रक्रिया से जुड़ सकें।

सुरक्षित और गोपनीय रहेगी नागरिकों की जानकारी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना से संबंधित सभी सूचनाएँ पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत प्राप्त आंकड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। सभी जानकारियाँ सुरक्षित सर्वर पर एन्क्रिप्टेड रूप में संग्रहित होंगी और किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई जानकारी का उपयोग टैक्स, पुलिस कार्रवाई या किसी जांच एजेंसी द्वारा नहीं किया जाता। प्रकाशित रिपोर्टों में केवल सामूहिक आंकड़े प्रस्तुत किए जाते हैं।

विकास योजनाओं की मजबूत नींव बनेगी जनगणना

विशेषज्ञों के अनुसार जनगणना किसी भी राज्य और देश की विकास योजनाओं का आधार होती है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार, राशन, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सरकारी योजनाओं की रूपरेखा जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती है।

रांची जिला प्रशासन का मानना है कि यदि अधिक से अधिक लोग डिजिटल माध्यम से सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराते हैं तो भविष्य की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

हेल्पलाइन नंबर 1855 पर मिलेगी सहायता

स्वगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

अंत में उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 10 मई 2026 को आयोजित विशेष “SELF ENUMURATION DRIVE” में अधिकाधिक संख्या में भाग लें, सही एवं सत्य जानकारी दर्ज करें तथा जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

“हमारी जनगणना, हमारा विकास — आपकी भागीदारी, देश की प्रगति”

डिजिटल जनभागीदारी की नई पहल : 10 मई को रांची में चलेगा विशेष “सेल्फ एन्यूमरेशन ड्राइव” डिजिटल जनभागीदारी की नई पहल : 10 मई को रांची में चलेगा विशेष “सेल्फ एन्यूमरेशन ड्राइव” Reviewed by PSA Live News on 3:53:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.