ब्लॉग खोजें

भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम : पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 266वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद समारोह संपन्न


रांची :
राजधानी रांची के पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में रविवार को भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण 266वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए और महाप्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

कार्यक्रम के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में डूबा नजर आया। मंदिर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी सजावट एवं आध्यात्मिक झांकियों से सजाया गया था। विशेष रूप से श्री राधा रानी जी का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मनोहारी पुष्पों, भव्य आभूषणों एवं पारंपरिक सज्जा से सुसज्जित राधा रानी की छवि ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा महाप्रसाद का भोग अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर “राधे-राधे”, “जय श्री कृष्ण” और “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” जैसे जयकारों से गूंज उठा।

इसके बाद प्रकाश अग्रवाल, प्रेमलता अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल के सौजन्य से श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, शीतल जलजीरा शर्बत एवं पौष्टिक सत्तू पानी का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच भक्तों के लिए यह सेवा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। लगभग 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया, जबकि पूरे दिन में करीब 3 हजार से अधिक भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए।

कार्यक्रम का सबसे भावुक एवं भक्तिमय क्षण भजन संध्या के दौरान देखने को मिला। ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने एक से बढ़कर एक सुमधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। “श्याम तेरी बंसी”, “राधे-राधे बरसाने वाली राधे” और “मेरे सांवरिया सरकार” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर भक्ति संगीत, हरिनाम संकीर्तन और जयकारों से कृष्णमय हो उठा।

इसके पश्चात सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना की। आरती के दौरान वातावरण अत्यंत आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो गया।

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव एवं मानवता की भावना को मजबूत करना भी है।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, निर्मल छावनिका, शिव भगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, विष्णु सोनी, मनीष सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा, संजय सर्राफ सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं ट्रस्ट सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भक्ति, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का भी जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।

भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम : पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 266वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद समारोह संपन्न भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम : पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 266वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद समारोह संपन्न Reviewed by PSA Live News on 6:58:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.