श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी गुरुपर्व की तैयारी तेज, कृष्णा नगर गुरुद्वारा में 40 दिवसीय सुखमनी साहिब पाठ जारी
20 एवं 21 जून को सजेगा दो दिवसीय विशेष दीवान, बीबी जसप्रीत कौर पटियाला वाले करेंगी संगत को निहाल
रांची। पंचम पातशाह, शहीदों के सरताज धन-धन श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज के शहीदी गुरुपर्व को श्रद्धा एवं समर्पण के साथ मनाने की तैयारियां कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा में जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में स्त्री सत्संग सभा द्वारा पिछले 21 दिनों से लगातार प्रतिदिन श्री सुखमनी साहिब जी का सामूहिक पाठ किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच गुरुद्वारा परिसर इन दिनों पूरी तरह गुरुबाणी की मधुर ध्वनि से गुंजायमान है।
गुरु नानक सत्संग सभा के तत्वावधान में शहीदी गुरुपर्व को समर्पित 40 दिवसीय सुखमनी साहिब पाठों की श्रृंखला की शुरुआत 10 मई से की गई है। इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर गुरुबाणी का श्रवण एवं पाठ कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। शुक्रवार को भी दोपहर 3:30 बजे से 4:45 बजे तक संगत ने सामूहिक रूप से श्री सुखमनी साहिब जी का पाठ किया।
पाठ उपरांत स्त्री सत्संग सभा की सदस्याओं गीता कटारिया, शीतल मुंजाल, रेशमा गिरधर, नीता मिड्ढा एवं इंदु पपनेजा ने श्रद्धाभाव से कीर्तन प्रस्तुत किया। उन्होंने “थिर घर बैसाहो हरिजन पियारे...” तथा “जपयौ जिन् अर्जुन देव गुरु फिर संकट जोन गरभ न आयौ...” जैसे गुरबाणी शबदों का गायन कर उपस्थित संगत को भाव-विभोर कर दिया। इसके पश्चात श्री आनंद साहिब जी का पाठ, अरदास, हुकुमनामा एवं कड़ाह प्रसाद वितरण किया गया। शाम 5:30 बजे दीवान की समाप्ति हुई।
18 जून तक चलेगी पाठों की लड़ी
सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि गुरु अर्जुन देव जी महाराज के शहीदी गुरुपर्व के उपलक्ष्य में हर वर्ष गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा में 40 दिनों तक लगातार सामूहिक सुखमनी साहिब पाठ आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी यह धार्मिक परंपरा पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। 10 मई से प्रारंभ हुई पाठों की यह श्रृंखला 18 जून को संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक सैकड़ों श्रद्धालु सामूहिक रूप से सुखमनी साहिब जी का पाठ कर रहे हैं। कार्यक्रम के समापन के बाद संगत के लिए प्रतिदिन चाय प्रसाद की सेवा भी की जा रही है।
20 और 21 जून को सजेगा विशेष शहीदी गुरुपर्व दीवान
यद्यपि श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज का शहीदी गुरुपर्व 18 जून को है, लेकिन गुरु नानक सत्संग सभा द्वारा इस अवसर पर 20 एवं 21 जून को दो दिवसीय विशेष धार्मिक समागम आयोजित किया जाएगा।
सभा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पहला विशेष दीवान 20 जून (शनिवार) को रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक तथा दूसरा दीवान 21 जून (रविवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित होगा।
इन विशेष दीवानों में सिख पंथ की प्रसिद्ध धार्मिक वक्ता एवं कीर्तन प्रचारिका बीबी जसप्रीत कौर विशेष रूप से उपस्थित होकर संगत को गुरमत विचारों एवं गुरुबाणी के संदेश से जोड़ेंगी। दोनों कार्यक्रमों के उपरांत गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु बिना किसी भेदभाव के गुरु का प्रसाद ग्रहण करेंगे।
संगत से शामिल होने की अपील
गुरु नानक सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा ने रांची शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी सिख धर्मावलंबियों तथा गुरु प्रेमियों से अपील की है कि वे गुरु अर्जुन देव जी महाराज के शहीदी गुरुपर्व के अवसर पर आयोजित दोनों विशेष दीवानों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें और गुरु साहिब के बलिदान से प्रेरणा लें।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता
आज के धार्मिक कार्यक्रम में गीता कटारिया, बबली दुआ, मंजीत कौर, बिमला मिड्ढा, शीतल मुंजाल, ममता थरेजा, तीर्थी काठपालिया, रेशमा गिरधर, नीता मिड्ढा, इंदु पपनेजा, बबिता पपनेजा, श्वेता मुंजाल, अमर मुंजाल, गोविंद कौर, भजना देवी डावरा, देवकी मुंजाल, मीना गिरधर, दुर्गी देवी मिड्ढा, हरपाल कौर मिड्ढा, उषा झंडई, किरण अरोड़ा, पलक थरेजा, अमन कौर, कंचन सुखीजा, हरदेवी गिरधर, उर्मिला खत्री, बलबीर मिड्ढा, हर्षा मिड्ढा, निती थरेजा, शीतल तेहरी, प्रेमी काठपाल, शीतल अरोड़ा, हरनाम थरेजा, सुषमा गिरधर, नीतू किंगर, स्वीटी सिडाना, जूली गाबा, इशिका काठपाल, हरजिंदर कौर, बिमला मुंजाल, रजनी तेहरी, ममता सरदाना, रिशा मुंजाल, मिताली तेहरी, गूंज काठपाल, खुशबू मिड्ढा, पूनम मिड्ढा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गुरुबाणी, कीर्तन और सेवा भावना से ओत-प्रोत यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में भाईचारे, समर्पण और मानव सेवा के संदेश को भी सशक्त रूप से प्रसारित कर रहा है।
Reviewed by PSA Live News
on
9:39:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: