रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आकाश-विकास फायरिंग मामले में सोनू यादव दबोचा गया; कमल भूषण हत्याकांड से भी जुड़ चुके हैं तार
रांची : राजधानी रांची के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित तेल मील गली में 19 जनवरी 2026 को हुए चर्चित फायरिंग कांड में रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आकाश सिंह और विकास सिंह पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी सोनू यादव को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गिरफ्तारी को रांची पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रांची के एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सोनू यादव पटना के बिहटा इलाके में छिपकर रह रहा है। सूचना मिलते ही रांची पुलिस की विशेष टीम गठित की गई और तकनीकी निगरानी के साथ बिहार में छापेमारी अभियान चलाया गया। कई घंटे की कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच रांची लाया गया है, जहां फिलहाल गुप्त स्थान पर रखकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
55 लाख रुपये के बंटवारे को लेकर चली थी गोली
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद 55 लाख रुपये के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ था। रकम के हिस्सेदारी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया और तेल मील गली में खुलेआम फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। इस गोलीबारी में आकाश सिंह और विकास सिंह को निशाना बनाया गया था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भारी दबाव था।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में और भी कई लोगों की संलिप्तता हो सकती है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और आपराधिक गठजोड़ की पड़ताल कर रही है।
जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
रांची पुलिस इस पूरे मामले में जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत खुलासा कर सकती है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी से कई सनसनीखेज जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर पुलिस अन्य संदिग्धों पर भी कार्रवाई की तैयारी में है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और आर्थिक लेन-देन के पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कमल भूषण हत्याकांड से भी जुड़ चुका है नाम
गिरफ्तार सोनू यादव का आपराधिक इतिहास भी काफी चर्चित रहा है। उसका नाम राजधानी के चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड में भी सामने आ चुका है। जांच एजेंसियों के अनुसार, हत्या से पहले कमल भूषण की रेकी करने का काम सोनू यादव ने ही किया था। पूछताछ के दौरान उसने इस साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए हत्या की पूरी प्लानिंग और मूवमेंट की जानकारी पुलिस को दी थी।
अकाउंटेंट संजय हत्याकांड में भी रहा शामिल
सिर्फ कमल भूषण हत्याकांड ही नहीं, बल्कि उनके अकाउंटेंट संजय की हत्या के मामले में भी सोनू यादव की भूमिका उजागर हुई थी। उस मामले में रांची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सोनू यादव संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों से जुड़े मामलों में सक्रिय रहा है।
राजधानी में बढ़ते गैंग नेटवर्क पर पुलिस की नजर
इस गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर राजधानी रांची में सक्रिय अपराधी गिरोहों और पैसों के बंटवारे को लेकर होने वाले खूनी संघर्षों पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हाल के दिनों में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं से भी इस गैंग का कोई संबंध है। रांची पुलिस का दावा है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Reviewed by PSA Live News
on
12:17:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: