ब्लॉग खोजें

वैशाख पूर्णिमा पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भव्य पौर्णमासी व्रतानुष्ठान सम्पन्न, भक्तिमय वातावरण में उमड़ा जनसैलाब


रांची।
परम पुण्यदायी वैशाख मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय महानुष्ठान श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के अद्भुत संगम के साथ विधिवत सम्पन्न हुआ। त्रयोदशी से पूर्णिमा तक चले इस विशेष अनुष्ठान का समापन 01 मई, शुक्रवार को पौर्णमासी व्रतानुष्ठान के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर से सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।

अनुष्ठान के अंतिम दिन मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। प्रातःकाल में भगवान श्री तिरुपति बालाजी के दिव्य-भव्य विश्वरूप दर्शन, सुप्रभातम्, करावलंबम और मंगलाशासनम् के साथ पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात पाञ्चरात्र आगम विधि से नित्य आराधना संपन्न की गई।

वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान के चारों व्यूह स्वरूपों के साथ श्रीदेवी, भूमिदेवी, चक्रराज सुदर्शन और शठकोप भगवान का महाभिषेक अत्यंत विधिपूर्वक संपन्न हुआ। महाभिषेक में दूध, दधि, हल्दी, चंदन, शहद, गंगाजल और डाभयुक्त जल से सहस्त्रधारा, कलशधारा, शंखधारा और चक्रधारा के माध्यम से अभिषेक किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा।

इसके उपरांत भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर और देवी स्वरूपों का रेशमी वस्त्रों एवं बहुमूल्य आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया। सुगंधित पुष्पमालाओं, विशेषकर जुही के पुष्पों से सुसज्जित यह अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। तत्पश्चात नक्षत्र, कुंभ एवं कर्पूर से महाआरती की गई और श्रुति, उपनिषदों तथा श्रीनिगमान्त देशिक स्वामी रचित स्तोत्रों के माध्यम से भगवान का स्तवन किया गया।

अनुष्ठान के अंत में खीर, पोंगल, फल एवं मेवों का बालभोग अर्पित किया गया। इस दिन के महाभिषेक के यजमान के रूप में रांची निवासी श्री संजय चौधरी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुनीता चौधरी ने पूजा में सहभागिता निभाई, जबकि पुष्प-श्रृंगार का निवेदन श्री प्रकाश मोदी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि मोदी द्वारा किया गया।

पूरे अनुष्ठान का संचालन अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम एवं श्री गोपेश आचार्य के सान्निध्य में संपन्न हुआ। रात्रि में शयन आरती के साथ भगवान से देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की गई।

इस धार्मिक आयोजन की सफलता में रामअवतार नरसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नरसरिया, राजेश सुलतानिया, रंजन सिंह, सीता शर्मा, यशोदा देवी, प्रभाष मित्तल, विनोद दुबे, किरण शर्मा, अरुण कुमार गुप्ता, अजितेश कुमार सिन्हा, माया गाड़ोदिया सहित अनेक श्रद्धालुओं की सक्रिय भूमिका रही।

मंदिर में आयोजित इस भव्य पौर्णमासी व्रतानुष्ठान ने न केवल आध्यात्मिक चेतना को जागृत किया, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी सशक्त संदेश दिया।

वैशाख पूर्णिमा पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भव्य पौर्णमासी व्रतानुष्ठान सम्पन्न, भक्तिमय वातावरण में उमड़ा जनसैलाब वैशाख पूर्णिमा पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भव्य पौर्णमासी व्रतानुष्ठान सम्पन्न, भक्तिमय वातावरण में उमड़ा जनसैलाब Reviewed by PSA Live News on 5:56:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.