राँची। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केन्द्र चौधरी बगान, हरमू रोड, राँची में पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी ईशू जी का स्मृति दिवस “शुभ भावना दिवस” एवं “शुभकामना दिवस” के रूप में श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित भाई-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने मीठी दादी ईशू जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्श जीवन को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा कि परम कल्याणकारी परमात्मा वर्तमान समय में मानव जीवन को सकारात्मक सोच, शुभ भावना और शुभकामनाओं से भरने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कलियुग के अंत और सतयुग की शुरुआत का कल्याणकारी संगम युग है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को हर दिन को “थैंक्स डे” अर्थात धन्यवाद दिवस, शुभ भावना दिवस और शुभकामना दिवस के रूप में मनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक आत्मा दूसरों की कमियों को देखने के बजाय उनके गुणों, विशेषताओं और अच्छाइयों को देखना शुरू कर दे तथा एक-दूसरे के प्रति शुभ भावना और शुभकामना का व्यवहार अपनाए, तो समाज और संसार दोनों सुख, शांति और प्रेम से भर जाएंगे। सकारात्मक दृष्टिकोण और शुभ संकल्पों से ही विश्व में शांति और सौहार्द का वातावरण स्थापित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में दादी ईशू जी के प्रेरणादायी जीवन पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। बताया गया कि दादी ईशू जी का जन्म 1 मई 1928 को सिंध हैदराबाद में हुआ था। उनके पिता दयालदास थडानी और माता कमला देवी ने उनका नाम “ईश्वरीय” रखा था। शांत, गंभीर और आध्यात्मिक स्वभाव के कारण उन्हें अलौकिक नाम “पूर्णशांतामणि” प्राप्त हुआ, जबकि ब्रह्मा बाबा उन्हें स्नेहपूर्वक “ईशू” कहकर संबोधित करते थे।
बताया गया कि दादी ईशू जी का परिवार प्रारंभ से ही आध्यात्मिक वातावरण से जुड़ा रहा। जब उनके माता-पिता सत्संग से जुड़े तो पूरा परिवार आध्यात्मिक सेवा में समर्पित हो गया। बाल्यकाल से ही दादी ईशू जी ने आध्यात्मिक शिक्षा ग्रहण करनी शुरू कर दी थी। वे शिव बाबा द्वारा ब्रह्मा मुख से उच्चारित गीता ज्ञान को शॉर्टहैंड में अत्यंत सुंदर ढंग से लिखती थीं। उनके जीवन में सेवा, सादगी, शांति और समर्पण की अद्भुत झलक दिखाई देती थी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने दादी ईशू जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज में प्रेम, शांति और सकारात्मकता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
Reviewed by PSA Live News
on
9:15:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: