“अमृतापुरी आश्रम शांति, सेवा, आध्यात्म और मानवता का वैश्विक केंद्र” : संजय सेठ
रांची/अमृतापुरी (केरल)। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री Sanjay Seth ने अपने केरल प्रवास के दौरान प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु Mata Amritanandamayi से अमृतापुरी स्थित उनके आश्रम में मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने आश्रम परिसर का विस्तृत भ्रमण एवं विभिन्न सेवा कार्यों का अवलोकन भी किया।
माता अमृतानंदमयी से भेंट के बाद श्री सेठ ने कहा कि “लोकाः समस्ताः सुखिनो भवन्तु” अर्थात समस्त संसार सुखी हो की भावना को धरातल पर उतारने वाली पूज्य माता अमृतानंदमयी केवल एक आध्यात्मिक व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और करुणा की जीवंत प्रतिमूर्ति हैं। उन्होंने कहा कि माता का स्नेहिल स्पर्श, दिव्य आशीर्वाद और आश्रम का आध्यात्मिक वातावरण उनके जीवन के सबसे अलौकिक एवं ऊर्जा से भर देने वाले क्षणों में से एक है।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि अमृतापुरी आश्रम आज केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि वैश्विक मानव सेवा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बन चुका है। यहां दुनिया के 100 से अधिक देशों से आए श्रद्धालु और स्वयंसेवक मानवता, सद्भाव और विश्वकल्याण की भावना से सेवा कार्यों में लगे हुए हैं।
उन्होंने आश्रम द्वारा संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा राहत, गरीबों के उत्थान, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान हिंदुस्तान की सांस्कृतिक शक्ति और “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को पूरे विश्व में नई पहचान दिला रहे हैं।
श्री सेठ ने कहा कि वर्तमान समय में जब दुनिया तनाव, संघर्ष और अस्थिरता के दौर से गुजर रही है, तब माता अमृतानंदमयी जैसे संत समाज को शांति, प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक संतुलन का संदेश देकर मानवता को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अमृतापुरी आश्रम की सादगी, अनुशासन, स्वच्छता और सेवा भावना हर व्यक्ति को प्रेरित करती है। यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ लौटता है।
इस अवसर पर आश्रम के संतों, पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने रक्षा राज्य मंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें आश्रम की विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी दी। श्री सेठ ने आश्रम परिवार के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह स्थान केवल केरल ही नहीं, बल्कि पूरे हिंदुस्तान और विश्व के लिए प्रेरणा का केंद्र है।
Reviewed by PSA Live News
on
5:58:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: