“भाजपा की ‘चुनावी तेल नीति’ ने जनता की कमर तोड़ी” : विनोद कुमार पांडेय
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई, कमजोर होती अर्थव्यवस्था और राशन कार्ड रद्दीकरण के मुद्दे पर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की जनता को आर्थिक संकट, महंगाई और योजनाबद्ध तरीके से अधिकारों से वंचित करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर दिया गया बयान वास्तविकता से कोसों दूर है और जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। पांडेय ने कहा कि असली समस्या अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की “चुनावी तेल नीति” है।
“चुनाव देखकर तय होते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम”
विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्वयं यह साबित किया है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें आर्थिक स्थिति या बाजार के आधार पर नहीं, बल्कि चुनावी लाभ-हानि को ध्यान में रखकर तय की जाती हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, तब पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान लगातार 137 दिनों तक पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रखे गए।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब बाद में कच्चे तेल की कीमत घटकर 75 से 80 डॉलर प्रति बैरल तक आ गई, तब आम जनता को उसी अनुपात में राहत क्यों नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले पेट्रोल और डीजल पर अचानक ₹2 प्रति लीटर की कटौती यह साबित करती है कि भाजपा सरकार के फैसले बाजार नहीं, बल्कि चुनाव तय करते हैं।
“तेल कंपनियों ने कमाया रिकॉर्ड मुनाफा”
झामुमो महासचिव ने कहा कि इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने वित्त वर्ष 2023-24 में लगभग ₹81 हजार करोड़ का रिकॉर्ड मुनाफा कमाया। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा “अंडर-रिकवरी” का हवाला देना पूरी तरह भ्रामक है। उन्होंने कहा कि यदि तेल कंपनियां इतना बड़ा मुनाफा कमा रही हैं तो फिर आम जनता को राहत देने में सरकार पीछे क्यों हट रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से अब तक केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल पर टैक्स के जरिए करीब ₹38.89 लाख करोड़ की वसूली कर चुकी है। इसका सीधा असर देश के मध्यम वर्ग, गरीबों, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बीते दस वर्षों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को आर्थिक नीति के बजाय राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया है।
“महंगाई और आर्थिक अस्थिरता से जनता परेशान”
विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई और आर्थिक अस्थिरता का सबसे बड़ा संकेत सोने की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में सोने के दाम तेजी से बढ़े हैं, लेकिन आम लोगों की आय, वेतन और बैंक जमा में वैसी वृद्धि नहीं हुई। दूसरी ओर भारतीय रुपया लगातार कमजोर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में सोने को “सेफ एसेट” माना जाता है और जब लोगों का अपनी अर्थव्यवस्था तथा मुद्रा पर भरोसा कम होता है, तब वे सोने की ओर रुख करते हैं। यह स्थिति देश की आर्थिक नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
“रोजगार, बचत और क्रय शक्ति पर पड़ा असर”
झामुमो नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों ने आम नागरिकों की बचत, रोजगार और क्रय शक्ति को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज देश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी और टैक्स के दोहरे बोझ के नीचे दबा हुआ है। रसोई गैस, खाद्य पदार्थ, परिवहन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
राशन कार्ड रद्दीकरण पर भी सरकार को घेरा
राशन कार्ड रद्द किए जाने के मुद्दे पर भी विनोद कुमार पांडेय ने केंद्र सरकार और भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में लाखों राशन कार्ड रद्द किए जाने के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी गरीबों को सरकारी योजनाओं से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड में भी विभिन्न प्रक्रियाओं और बहानों के माध्यम से गरीबों, आदिवासियों, मूलवासियों और झारखंडियों का राशन छीनने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को कमजोर कर गरीबों के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है।
“गरीबों के अधिकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं”
विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा राज्य के गरीबों, मजदूरों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद परिवार को राशन, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने भाजपा पर जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भ्रम और भय की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि अब देश और झारखंड की जनता सच्चाई को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
Reviewed by PSA Live News
on
10:36:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: