ब्लॉग खोजें

बिहार में वज्रपात और आंधी-तूफान का कहर, सात लोगों की मौत

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश

पटना। बिहार में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई वज्रपात, तेज आंधी-तूफान और बारिश की घटनाओं में कुल सात लोगों की मौत हो गई। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वज्रपात की चपेट में आने से भोजपुर, पटना, समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण जिले में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। वहीं तेज आंधी-तूफान और भारी वर्षा के दौरान पेड़ गिरने से दबकर पटना में दो तथा वैशाली जिले में एक व्यक्ति की जान चली गई। मौसम की इस भयावह घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मृतकों के परिजनों को शीघ्र चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिला प्रशासन को सतर्क रहने तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्य तेज करने का भी निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों तक हर संभव सरकारी सहायता समय पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि तेज बारिश, आंधी और वज्रपात के समय लोग खुले स्थानों, खेतों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने पर घरों में सुरक्षित रहना ही सबसे बेहतर उपाय है।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों और चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें, ताकि जान-माल की क्षति को रोका जा सके। राज्य सरकार लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा गया है।

बिहार में वज्रपात और आंधी-तूफान का कहर, सात लोगों की मौत बिहार में वज्रपात और आंधी-तूफान का कहर, सात लोगों की मौत Reviewed by PSA Live News on 9:18:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.