राँची। राजधानी राँची के रातू थाना क्षेत्र में देर रात घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ और लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर रातू थाना में नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद नगर झीरी कमड़े निवासी निशा देवी ने रातू थाना में दर्ज शिकायत में बताया है कि देर रात उनके घर के समीप स्थित एक निर्माणाधीन मकान में कुछ युवक बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान उनके पति ने टॉर्च जलाकर वहां देखा, जिसके बाद आरोपी युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ देर बाद मंजर, राजा, ऋषि समेत 5 से 10 युवक उनके घर पहुंच गए। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर उनके पति और उनके दोस्त के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग भयभीत हो गए।
महिला ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान कुछ युवक उन्हें जबरन घर के अंदर ले गए और उनके साथ गलत हरकत करते हुए छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उनके नाक की नथ, कान की बाली और गले से सोने के जेवर छीन लिए। इतना ही नहीं, घर में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद भी लेकर आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में देर रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में नियमित गश्ती बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Reviewed by PSA Live News
on
2:38:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: