ब्लॉग खोजें

वट सावित्री पर्व एवं शनि देव जयंती पर भक्ति में डूबा पुंदाग, श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


रांची । 
श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में शनिवार को वट सावित्री पर्व एवं शनि देव जयंती श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाई गई। मंदिर परिसर सुबह से ही धार्मिक वातावरण से गुंजायमान रहा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की। कार्यक्रम का आयोजन संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा किया गया।

मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगी फूलों की सजावट, दीपों की रोशनी और भक्ति संगीत ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही मंदिर में उमड़ने लगी थी। महिलाओं ने वट सावित्री पर्व के अवसर पर बरगद वृक्ष की पूजा कर अखंड सौभाग्य एवं पति की लंबी आयु की कामना की, वहीं शनि देव जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं ने शनि देव एवं हनुमान जी की आराधना कर जीवन में सुख-शांति और शनि दोष से मुक्ति की प्रार्थना की।

कार्यक्रम की शुरुआत विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने विधि-विधान से भगवान की पूजा संपन्न कराई। इस अवसर पर श्री राधा रानी का अलौकिक श्रृंगार सफेद पोशाक एवं जड़ित आभूषणों से किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मंदिर में सजे दिव्य दरबार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

पूजा के दौरान भगवान को लड्डू, मेवा, फल एवं विशेष वेजिटेबल खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया। इसके साथ ही शनि देव जयंती के अवसर पर मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “जय श्रीराम” और “जय शनिदेव” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।

इसके पश्चात भव्य सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। दीपों की जगमगाहट, घंटियों की मधुर ध्वनि और भक्तों की श्रद्धा ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया कि उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे सभी भक्तों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने वट सावित्री पर्व एवं शनि देव जयंती के धार्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वट सावित्री पर्व भारतीय संस्कृति में अखंड सौभाग्य, पारिवारिक सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन की मजबूती का प्रतीक है। वहीं शनि देव जयंती हमें कर्म, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं। ऐसे पर्व लोगों को सेवा, संस्कार और सद्भावना के प्रति प्रेरित करते हैं तथा समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंदिर समिति एवं ट्रस्ट के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। देर शाम तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और पूरा क्षेत्र भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।

वट सावित्री पर्व एवं शनि देव जयंती पर भक्ति में डूबा पुंदाग, श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ वट सावित्री पर्व एवं शनि देव जयंती पर भक्ति में डूबा पुंदाग, श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ Reviewed by PSA Live News on 7:41:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.