हंटरगंज में दर्दनाक सड़क हादसा : मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को अज्ञात हाईवा ने कुचला, मौत के बाद NH-22 जाम
चतरा: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। थाना गेट के समीप मॉर्निंग वॉक पर निकली एक वृद्ध महिला को तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतका की पहचान 60 वर्षीय कांति देवी, पति स्वर्गीय गोविंद साव, निवासी हंटरगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कांति देवी प्रतिदिन की तरह शनिवार की सुबह भी टहलने निकली थीं। इसी दौरान थाना गेट के पास तेज गति से गुजर रहे एक अज्ञात हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। महिला की मौत की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए।
घटना से नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए एनएच-22 को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस गए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि हंटरगंज क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने, दोषी हाईवा चालक की जल्द गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। काफी देर तक सड़क जाम जारी रहने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर फरार हाईवा की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हंटरगंज थाना क्षेत्र और एनएच-22 पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने, स्पीड कंट्रोल उपाय लागू करने तथा मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Reviewed by PSA Live News
on
6:12:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: