ब्लॉग खोजें

22 जुलाई को सभी बूथों पर होगी बीएलओ–बीएलए-2 की अंतिम बैठक, चुनाव पाठशाला में भागीदारी पर जोर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राजनीतिक दलों के साथ की समीक्षा बैठक, 5 अगस्त को प्रकाशित होगी मतदाता सूची का ड्राफ्ट


रांची।
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) अभियान को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने सोमवार को निर्वाचन सदन में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में इन्यूमरेशन फेज की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिहीन बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

22 जुलाई को होगी बीएलओ और बीएलए-2 की तीसरी एवं अंतिम बैठक

बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की तीसरी और अंतिम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए-2 की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

चुनाव पाठशाला का होगा आयोजन

22 जुलाई को होने वाली बैठक के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर 'चुनाव पाठशाला' भी आयोजित की जाएगी। इसमें मतदाताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, इन्यूमरेशन फॉर्म भरने तथा सूची में त्रुटियों के समय पर सुधार की जानकारी दी जाएगी। राजनीतिक दलों से कहा गया है कि वे अधिक से अधिक मतदाताओं को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि का समय रहते समाधान किया जा सके।

एएसडीडी सूची को दिया जाएगा अंतिम रूप

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 22 जुलाई की बैठक के दौरान बीएलओ और बीएलए-2 के सत्यापन के आधार पर एएसडीडी (Absent, Shifted, Dead & Duplicate) सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी जो स्थानांतरित हो चुके हैं, जिनका निधन हो चुका है, जो लंबे समय से अनुपस्थित हैं या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।

5 अगस्त को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची

बैठक में जानकारी दी गई कि एएसडीडी सूची के अंतिम सत्यापन के बाद 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त कर अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी।

इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने और डिजिटाइजेशन पर विशेष जोर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 से अपील की कि वे मतदाताओं द्वारा भरे एवं हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म यथाशीघ्र संबंधित बीएलओ के पास जमा कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समय पर फॉर्म प्राप्त होने से इन्यूमरेशन फेज का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन संभव होगा तथा मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सकेगा। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक ही परिवार के सभी मतदाता यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों।

फॉर्म नहीं मिला या खराब हो गया तो घबराने की जरूरत नहीं

के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता को किसी कारणवश इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है या फॉर्म खराब हो गया है, तो वह तुरंत अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करे। बीएलओ संबंधित ईआरओ (Electoral Registration Officer) अथवा एईआरओ (Assistant Electoral Registration Officer) कार्यालय से फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची के प्रत्येक मतदाता के इन्यूमरेशन फॉर्म का पीडीएफ संबंधित ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालय में सुरक्षित उपलब्ध है, जिससे किसी भी पात्र मतदाता को फॉर्म उपलब्ध कराने में कोई कठिनाई नहीं होगी।

लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की अपील

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों, बीएलओ, बीएलए-2 और मतदाताओं का सहयोग आवश्यक है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे। उन्होंने सभी पक्षों से निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

22 जुलाई को सभी बूथों पर होगी बीएलओ–बीएलए-2 की अंतिम बैठक, चुनाव पाठशाला में भागीदारी पर जोर 22 जुलाई को सभी बूथों पर होगी बीएलओ–बीएलए-2 की अंतिम बैठक, चुनाव पाठशाला में भागीदारी पर जोर Reviewed by PSA Live News on 8:47:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.