ब्लॉग खोजें

23 अगस्त को रांची में निकलेगी भव्य बाल कांवड़ यात्रा, नन्हे शिवभक्त करेंगे पहाड़ी मंदिर में जलाभिषेक

श्री शिव बारात आयोजन महासमिति की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप, जीवंत झांकियां, बाल शिव रथ और सांस्कृतिक आकर्षण होंगे विशेष

रांची। राजधानी रांची में श्रावण-भाद्रपद के धार्मिक उत्साह के बीच इस वर्ष भी 23 अगस्त को भव्य एवं विशाल बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर की महत्वपूर्ण बैठक महासमिति के अध्यक्ष राजेश कुमार साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आयोजन को भव्य स्वरूप देने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि यात्रा नक्षत्र वन (लोक भवन के समीप) से प्रारंभ होकर रातू रोड के मुख्य मार्ग से गुजरते हुए पहाड़ी मंदिर पहुंचेगी। यहां नन्हे शिवभक्त भगवान महाकाल का विधिवत जलाभिषेक कर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना करेंगे।

5 से 12 वर्ष के बच्चे बनेंगे आकर्षण का केंद्र

आयोजन की सबसे विशेष बात यह होगी कि 5 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे गेरुआ वस्त्र धारण कर पारंपरिक कांवड़ लेकर पैदल यात्रा करेंगे। नन्हे शिवभक्त पूरे धार्मिक उत्साह और भक्ति भावना के साथ "बोल बम" एवं "हर-हर महादेव" के जयघोष करते हुए भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करेंगे।

जीवंत झांकियां और बाल शिव रथ बढ़ाएंगे शोभा

इस वर्ष बाल कांवड़ यात्रा को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा में भगवान शिव परिवार एवं सनातन संस्कृति पर आधारित जीवंत झांकियां, ढोल-नगाड़े, ताशा, डीजे तथा विशेष रूप से सुसज्जित बाल शिव रथ शामिल रहेगा। आयोजकों का कहना है कि यह रथ और झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगी तथा पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण का निर्माण करेंगी।

हर वर्ष बढ़ रही सहभागिता

महासमिति के अध्यक्ष राजेश कुमार साहू ने कहा कि बाल कांवड़ यात्रा को लेकर शहरवासियों और श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का आयोजन पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य होगा। यात्रा के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने रांचीवासियों से आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

बच्चों में संस्कार और संस्कृति का संदेश

महासमिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि बाल कांवड़ यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को बचपन से ही सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और धार्मिक संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में धर्म, संस्कृति, सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों को इस यात्रा में शामिल कराने का आग्रह किया।

व्यापक तैयारियों पर हुई चर्चा

बैठक में यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों की सुविधा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वागत द्वार, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोजन समिति ने विश्वास जताया कि इस वर्ष हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में बाल कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण बनेगी।

बैठक में महासमिति के अध्यक्ष राजेश कुमार साहू, प्रवक्ता बादल सिंह, रिवाल्डो वर्मा, अरुण वर्मा, रणजीत बिहारी, राम सिंह, पंकज गुप्ता, हर्ष कुमार, राकेश, बद्री सहित महासमिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

23 अगस्त को रांची में निकलेगी भव्य बाल कांवड़ यात्रा, नन्हे शिवभक्त करेंगे पहाड़ी मंदिर में जलाभिषेक 23 अगस्त को रांची में निकलेगी भव्य बाल कांवड़ यात्रा, नन्हे शिवभक्त करेंगे पहाड़ी मंदिर में जलाभिषेक Reviewed by PSA Live News on 11:12:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.