भुतही बलान नदी के कटाव स्थल पर पहुंचे डीएम आनंद शर्मा, बांध सुरक्षा को लेकर 24 घंटे निगरानी के निर्देश
मधेपुर में जलजमाव का भी किया निरीक्षण, आवागमन के लिए एक और नाव लगाने का आदेश; आपदा प्रबंधन में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति दोहराई
मधुबनी, 15 जुलाई 2026। लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बुधवार को घोघरडीहा प्रखंड के परसा हॉल्ट के समीप भुतही बलान नदी के बांध कटाव स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बांध की सुरक्षा व्यवस्था, नदी के जलस्तर और कटाव की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि वर्षा ऋतु में बांधों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को बांध के प्रत्येक हिस्से की नियमित निगरानी करने, कटाव अथवा रिसाव के किसी भी संकेत पर तुरंत कार्रवाई करने तथा 24 घंटे निगरानी व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मात्रा में बालू की बोरियां, बोल्डर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री पहले से उपलब्ध रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी रखने पर विशेष जोर दिया।
रहुआ संग्राम–जानकी नगर सड़क पर जलजमाव का निरीक्षण
बांध निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी मधेपुर प्रखंड पहुंचे, जहां उन्होंने रहुआ संग्राम से जानकी नगर तक जाने वाली सड़क पर जलजमाव की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने भुतही एवं तिलयुगा नदी के संगम स्थल का भी जायजा लिया तथा जानकी नगर क्षेत्र में पहुंचकर स्थानीय हालात का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आवागमन के लिए बढ़ाई जाएगी नावों की संख्या
स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में आवागमन बनाए रखने के लिए पहले से दो नाव संचालित की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अंचल अधिकारी को तत्काल एक अतिरिक्त नाव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार नदियों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। जलस्तर में हो रहे उतार-चढ़ाव की नियमित निगरानी की जा रही है तथा स्थिति से संबंधित विभागों को लगातार अवगत कराया जाएगा।
आपदा मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से जुड़े मामलों में जिला प्रशासन और राज्य सरकार 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कार्य कर रही है। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी विभागों को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
बिजली आपूर्ति की शिकायतों की होगी जांच
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति में अनियमितता की शिकायत भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाएगी। यदि विभागीय मानकों के अनुरूप बिजली आपूर्ति नहीं हो रही होगी और किसी अधिकारी या कर्मी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान झंझारपुर की अनुमंडल पदाधिकारी टोनी कुमारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश पाठक, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रजनीश कुमार, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
9:23:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: